West Champaran : घर में थे 59 लाख के जेवर-नकदी, रातों-रात सब लेकर फरार हुए शातिर चोर
पश्चिम चंपारण के मझौलिया में एक रिटायर्ड सेना जवान के घर से चोरों ने करीब 59 लाख रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ...और पढ़ें

चोरी की घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस। जागरण
HighLights
मझौलिया में रिटायर्ड सेना जवान के घर भीषण चोरी।
चोरों ने 50 लाख के आभूषण, 9 लाख नकद चुराए।
पुलिस, एफएसएल टीम जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले।
संवाद सूत्र, मझौलिया ( पश्चिम चंपारण )। मझौलिया थाना क्षेत्र के महोदीपुर भट्ट टोला वार्ड संख्या-15 में अज्ञात चोरों ने रिटायर्ड सेना के जवान कृष्ण किशोर सिंह उर्फ मोहन सिंह के घर में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर घर से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और करीब नौ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्रील काटकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के सीढ़ी वाले कमरे की लोहे की ग्रील और सुरक्षा जाली काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरों और अलमारियों के ताले तोड़ दिए। लॉकर में रखे नकद और कीमती जेवरात समेटने के बाद चोर फरार हो गए।
पत्नी की नजर पड़ी तो खुला राज
पीड़ित ने बताया कि रात करीब 3:30 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली। उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने अपने पति को जगाया। जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई। तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई। सुबह करीब पांच बजे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मांगलिक कार्यक्रम के लिए बैंक से लाए थे जेवर
बताया जाता है कि गृहस्वामी 25 जून को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के लॉकर से सभी जेवर मांगलिक कार्यक्रम के लिए घर लाए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गुरुवार को उन्हें दोबारा बैंक लॉकर में रखने की तैयारी थी, लेकिन किसी कारणवश ऐसा नहीं हो सका। इसी बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
खबरें और भी
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही बेतिया एसडीपीओ-1 अजीत कुमार और मझौलिया पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और हर पहलू की जांच की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
जल्द पर्दाफाश का दावा
पीड़ित का पुत्र दूसरे राज्य में बीडीओ के पद पर कार्यरत है। घटना की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।