विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ये पिया बेचके ना आपन रायफलवा...' गाने पर पिस्टल लहराती महिला का पश्चिम चंपारण में VIDEO वायरल

Published: Wed, 22 Jul 2026 06:44 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के मझौलिया में एक महिला का भोजपुरी गाने पर पिस्टल लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. महिला भोजपुरी गाने पर पिस्टल लहराते दिखी।

  2. वीडियो पश्चिम चंपारण के मझौलिया का है।

  3. पुलिस ने वीडियो और हथियार की जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, मझौलिया (पश्चिम चंपारण)। भोजपुरी गाने की धुन पर हाथ में पिस्टल लहराती एक महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इसकी खूब चर्चा है। पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे हथियार की जांच शुरू कर दी है।

डेढ़ मिनट के वीडियो ने बढ़ाई चर्चा

वायरल वीडियो करीब एक मिनट 31 सेकेंड का बताया जा रहा है। इसमें एक महिला कुर्सी पर बैठी नजर आती है। बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत 'ये पिया बेचके ना आपन रायफलवा किन द ना चांदी के पायलवा...' बज रहा है।

गाने के बोल के साथ महिला कभी अपने हाथ में मौजूद पिस्टल दिखाती है तो कभी चांदी की पायल। इसी अंदाज की वजह से वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर साझा किया जा रहा है।

पश्चिम चंपारण के मझौलिया की बताई जा रही महिला

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला मझौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और किस उद्देश्य से बनाया गया था। दैनिक जागरण वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच कर पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

हथियार असली या नकली, होगी जांच

वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली है या खिलौना अथवा डमी, इसे लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस इसी पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है। यदि हथियार असली हुआ तो उसके लाइसेंस और उपयोग की भी पड़ताल की जाएगी।

पुलिस ने लिया संज्ञान

मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।

वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की भी जांच होगी। जांच के बाद यदि किसी प्रकार का कानून का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।