Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जेएंडके बैंक और एसबीआई लाइफ ने बीमा सेवाओं के विस्तार के लिए मिलाया हाथ

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 01:45 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर बैंक ने अपनी वित्तीय सेवाओं का विस्तार करते हुए एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की है। इस समझौते से बैंक के ग्राहकों को ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. जेएंडके बैंक ने एसबीआई लाइफ से की साझेदारी।

    2. ग्राहकों को मिलेंगे विविध जीवन बीमा उत्पाद।

    3. वित्तीय समावेशन और बीमा साक्षरता को बढ़ावा।

    श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर बैंक (J&K Bank) ने अपनी वित्तीय सेवाओं और ग्राहक-केंद्रित पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए देश की प्रमुख निजी जीवन बीमा कंपनियों में से एक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस (SBI Life Insurance) के साथ एक बड़े रणनीतिक कॉर्पोरेट एजेंसी समझौते की घोषणा की है। इस समझौते के तहत जेएंडके बैंक देश भर में फैले अपने विशाल शाखा नेटवर्क के माध्यम से एसबीआई लाइफ के व्यापक जीवन बीमा समाधान ग्राहकों तक पहुंचाएगा।

    इस साझेदारी के बाद बैंक के ग्राहकों को उनकी जीवन शैली, वित्तीय जरूरतों और दीर्घकालिक लक्ष्यों के अनुसार सुरक्षा (टर्म प्लान), बचत, सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) और बच्चों के भविष्य से जुड़ी योजनाओं के विविध विकल्प आसानी से उपलब्ध होंगे।

    शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ समझौता

    श्रीनगर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान इस समझौता ज्ञापन (MoU) पर आधिकारिक हस्ताक्षर किए गए। जम्मू-कश्मीर बैंक की ओर से उप महाप्रबंधक (क्रॉस-सेलिंग) मसऊद अहमद लंगर ने हस्ताक्षर किए। एसबीआई लाइफ की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक (संस्थागत गठबंधन) बुद्धादित्य बनर्जी ने हस्ताक्षर किए।
     
    यह समझौता जेएंडके बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) एवं सीईओ अमिताभ चटर्जी, एसबीआई लाइफ के एमडी एवं सीईओ अमित झिंगरन और एसबीआई लाइफ के अध्यक्ष (बिजनेस स्ट्रैटेजी) संतोष चाको की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बैंक के कार्यकारी निदेशक सुधीर गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक और दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

    'सामाजिक सशक्तिकरण' और '2047 तक सभी के लिए बीमा' का लक्ष्य

    पत्रकारों को संबोधित करते हुए जेएंडके बैंक के एमडी एवं सीईओ अमिताभ चटर्जी ने कहा हमारी बैंकिंग का मूल मंत्र 'सामाजिक रूप से सशक्त बनाने वाली बैंकिंग' है। एसबीआई लाइफ को अपने बीमा पार्टनर्स में शामिल करने से हमारे ग्राहकों को अधिक प्रतिस्पर्धी और उनकी व्यक्तिगत जरूरतों के अनुकूल बीमा उत्पाद चुनने की आजादी मिलेगी। यह कदम जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित देश भर में बैंक पर ग्राहकों के दशकों पुराने भरोसे को और मजबूत करेगा। 

    वहीं, एसबीआई लाइफ के एमडी एवं सीईओ अमित झिंगरन ने इस साझेदारी को वित्तीय सुरक्षा का आधार बताया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य परिवारों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। जेएंडके बैंक के व्यापक नेटवर्क के साथ यह साझेदारी देश में बीमा साक्षरता बढ़ाने और वित्तीय सुरक्षा को दैनिक वित्तीय नियोजन का हिस्सा बनाने में मदद करेगी। हम भारतीय बीमा नियामक (IRDAI) के '2047 तक सभी के लिए बीमा' के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को साकार करने में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    वित्तीय समावेशन को मिलेगी नई गति

    इस संयुक्त प्रयास के जरिए जेएंडके बैंक और एसबीआई लाइफ मिलकर जागरूकता अभियान चलाएंगे, ताकि लोग अपनी वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए सही बीमा उत्पादों का चयन कर सकें। यह पहल न केवल बीमा पहुंच को आसान बनाएगी, बल्कि देश में वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।