सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Indian Economy : भारत की आर्थिक तरक्की की रफ्तार से मूडीज हैरान, ग्रोथ का अनुमान बदलने पर हुई मजबूर

Published: Mon, 04 Mar 2024 01:04 PM (GMT+05:30)

भारत आर्थिक मोर्चे पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है। उसने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में सभी पूर्वानुमानों को गलत साबित करते ...और पढ़ें

मूडीज ने पहले कहा था कि भारत की जीडीपी 6.1 फीसदी के हिसाब से बढ़ेगी।
मूडीज ने पहले कहा था कि भारत की जीडीपी 6.1 फीसदी के हिसाब से बढ़ेगी।

HighLights

  1. अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज ने 2024 में विकास दर के अनुमान को 6.1 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.8 प्रतिशत किया
  2. मूडीज ने माना, उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही है भारतीय आर्थिकी, अगले वर्ष विकास दर 6.4 प्रतिशत रहने की बात कही

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करती भारतीय इकोनॉमी की रफ्तार को देख कर अब अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसियों के सुर भी बदलने लगे हैं। प्रमुख रेटिंग एजेंसी मूडीज ने कहा है कि वर्ष 2024 में भारत की आर्थिक विकास दर 6.8 प्रतिशत रहेगी। मूडीज ने स्वीकार किया है कि भारतीय आर्थिकी उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। इस आधार पर भारत की विकास दर दुनिया के सबसे बड़े आर्थिक संपन्न देशों के संगठन जी-20 में सबसे ज्यादा रहने की संभावना भी जताई है।

मूडीज की यह रिपोर्ट भारत सरकार की तरफ से जारी आर्थिक अनुमानों के एक हफ्ते के भीतर आई है। मूडीज ने पहले भारत की विकास दर के अनुमान को 6.1 प्रतिशत पर रखा था। खास बात यह है कि हाल के वर्षों में इस रेटिंग एजेंसी ने किसी अन्य देश की विकास दर के अनुमान में ऊपर की तरफ इतना ज्यादा संशोधन नहीं किया है।

यह भी पढ़ें : सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में ताइवान-चीन का दबदबा खत्म करने को तैयार भारत, जानिए क्या है सरकार का पूरा प्लान

बहुत अच्छा कर रही भारत की इकोनॉमी

मूडीज की नई रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की इकोनॉमी बहुत अच्छा कर रही है और यह उम्मीद से ज्यादा मजूबत है। विकास दर को लेकर अपने अनुमान को हम 6.1 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.8 प्रतिशत कर रहे हैं। ऐसी उम्मीद है कि भारत जी-20 देशों मे सबसे तेज गति से बढ़ती हुई इकोनॉमी रहने वाला है।

2024 में 2.4 फीसदी रह सकती है जी-20 की विकास दर

वर्ष 2025 में भारत की विकास दर 6.4 प्रतिशत रहने की बात कही गई है। अगर जी-20 के सभी देशों के समग्र आर्थिक विकास की बात करें तो वर्ष 2024 में इसकी दर 2.4 प्रतिशत और वर्ष 2025 में 2.6 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। जबकि वर्ष 2023 में इन देशों की समग्र विकास दर 2.9 प्रतिशत थी। इस समूह के तीन देश ब्रिटेन, जापान और जर्मनी की विकास दर वर्ष 2024 में काफी नीचे आ चुकी है।

वर्ष 2023 की शुरुआत में भारत और चीन को सबसे तेज गति से बढ़ती हुई इकोनॉमी के तौर पर चिन्हित किया गया था, लेकिन इसके अंत तक यह साफ हो गया था कि चीन ने उम्मीद से कमतर प्रदर्शन किया है जबकि भारत की स्थिति उम्मीद से बेहतर रही है। भारत के बारे में पहले कहा गया था कि इसकी विकास दर वर्ष 2023 में 6.4 प्रतिशत रहेगी लेकिन असलियत में यह 7.7 प्रतिशत रही थी।

यह भी पढ़ें : IPO Listing: इस IPO ने लिस्टिंग के दिन ही कर दी निवेशकों की चांदी, दिया 200 फीसदी का तगड़ा मुनाफा

पूंजीगत खर्च में वृद्धि का दिख रहा असर

रिपोर्ट के मुताबिक, जी-20 समूह में लगातार दो तिमाहियों (जुलाई-सितंबर और अक्टूबर-दिसंबर 2023) की विकास दर आठ प्रतिशत से ज्यादा रही है। मूडीज ने माना है कि भारत सरकार ने पूंजीगत खर्चे बढ़ाने का जो फैसला किया था, उसका असर दिखाई दिया है। इससे मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र भी बेहतर प्रदर्शन करने लगा है।

मूडीज की रिपोर्ट में यह भरोसा भी जताया गया है कि जनवरी-मार्च, 2024 तिमाही में भी तेज विकास दर की गति बनी रहेगी क्योंकि अभी इस दौरान जीएसटी संग्रह, ऑटोमोबाइल की बढ़ती बिक्री, उधारी में वृद्धि का सिलसिला भी जारी है। मूडीज के मुताबिक, आगामी आम चुनाव के बाद भी ढांचागत क्षेत्र में बड़ा निवेश जारी रहने की संभावना है।

आरबीआइ पर कम होगा ब्याज घटाने का दबाव

वैसे इस उम्मीद से बेहतर विकास दर का असर आरबीआइ की भावी मौद्रिक नीति पर होने की संभावना है। मूडीज का कहना है कि आर्थिक विकास दर के तेज रहने और ऋण की गति भी ज्यादा होने की वजह से आरबीआइ के लिए ब्याज दरों को कम करने का दबाव नहीं रहेगा। फरवरी 2024 में भी आरबीआइ ने ब्याज दरों को स्थिर रखा था और आने वाले महीनों मे भी वह ऐसा ही कर सकता है। दिसंबर, 2023 में रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स ने भी कहा था कि जी-20 संगठन में भारतीय इकोनॉमी ही सबसे तेज रहेगी। इसने विकास दर 6.9 प्रतिशत रहने की बात कही थी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।