Bank Open On Sunday: रविवार को खुलेंगे बैंक, वित्त मंत्रालय ने जारी किया आदेश; जानें समय बदला या नहीं?
Bank Open On Sunday: वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों के संगठन यूएफबीयू की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर 27 सितंबर को सभी बैंकों को खुला रखने का निर्देश दिया है।

रविवार को भी खुलेंगे बैंक
HighLights
वित्त मंत्रालय ने 27 सितंबर को बैंक खुले रखने का निर्देश दिया।
यूएफबीयू ने 28-30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया।
ग्राहकों को निर्बाध बैंकिंग सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु यह फैसला।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: बैंक के कर्मचारियों की हड़ताल के बीच बड़ी खबर आई है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि बैंक कर्मचारियों संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की प्रस्तावित हड़ताल (Bank strike) को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए रविवार 27 सितंबर को क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक समेत सभी बैंक खुले रहेंगे।
रविवार को भी खुलेंगे बैंक
यूएफबीयू ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। उसकी प्रमुख मांगों में बैंकों (Bank) में सप्ताह में पांच दिन का कार्यदिवस लागू करना शामिल है। संगठन का दावा है कि वह बैंक क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।
मंत्रालय ने क्या कहा?
मंत्रालय ने बयान में कहा कि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल और इससे पहले 26 तथा 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टियों (Bank Holiday) को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए हैं। बयान में कहा गया, ‘‘जनता की बैंक जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, 2026 को रविवार के दिन सामान्य रूप से काम करेंगे।’’
भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और ‘करेंसी चेस्ट’ को 27 सितंबर को पूरी तरह परिचालन में रखने की मंजूरी दे दी है। वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले वित्तीय सेवा विभाग ने कहा कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक कर्मचारी संगठनों से प्रस्तावित हड़ताल टालने की अपील की है। साथ ही आवश्यक बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए कदम उठाए गए हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि यदि हड़ताल होती है तो वे मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, बैंक प्रतिनिधि केंद्र और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग करें। बैंकों ने ग्राहकों से यह भी कहा है कि असुविधा से बचने के लिए जरूरी बैंक लेनदेन प्रस्तावित हड़ताल की तारीखों से पहले ही पूरा कर लें।
