बेटियों के हाथों में पिता की विरासत: जयंती चौहान और वनिषा मित्तल समेत फैमिली बिजनेस संभालने वाली 7 अरबपति बेटियां
भारत के बड़े कारोबारी घरानों की नई पीढ़ी की बेटियां अब बिजनेस की दुनिया में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा ...और पढ़ें

भारत के अरबपतियों की बेटियां
HighLights
रोशनी नाडर मल्होत्रा एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन
ईशा अंबानी के पास रिलायंस के रिटेल, डिजिटल कारोबार की जिम्मेदारी
निशाबा गोदरेज गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत के बड़े कारोबारी घरानों की नई पीढ़ी अब बिजनेस की दुनिया में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही है। खास बात यह है कि इन परिवारों की बेटियां भी कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। कोई टेक्नोलॉजी और डिजिटल बिजनेस में अपनी छाप छोड़ रही है, तो कोई रिटेल, स्टील, कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और लगेज इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही है।
इन महिलाओं के पास सिर्फ पारिवारिक विरासत नहीं है, बल्कि कारोबार को नए दौर के मुताबिक ढालने की जिम्मेदारी भी है। आइए जानते हैं देश के आठ बड़े कारोबारी परिवारों की उन बेटियों के बारे में, जो बिजनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
रोशनी नाडर मल्होत्रा
एचसीएल ग्रुप की कमान संभालने वाली रोशनी नाडर मल्होत्रा देश की प्रमुख महिला कारोबारी हस्तियों में शामिल हैं। वह एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन हैं और भारत की किसी लिस्टेड आईटी कंपनी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला बनी थीं।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाली रोशनी ने कंपनी के ग्लोबल बिजनेस, टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट और डिजिटल सर्विसेज के विस्तार पर ध्यान दिया है। उन्हें अपने पिता और एचसीएल के फाउंडर शिव नाडर की कारोबारी विरासत मिली है। कारोबार के साथ-साथ वह शिव नाडर फाउंडेशन के जरिए शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों में भी एक्टिव हैं।
ईशा अंबानी पीरामल
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी पीरामल ग्रुप के रिटेल और डिजिटल कारोबार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। रिलायंस जियो की शुरुआत और उसके विस्तार से जुड़े स्ट्रैटजिक इनिशिएटिव्स में भी उनकी भूमिका रही है।
रिलायंस रिटेल के कारोबार को आगे बढ़ाने में वह खास तौर पर एक्टिव हैं। कंपनी के फैशन, लाइफस्टाइल, ई-कॉमर्स और प्रीमियम रिटेल से जुड़े बिजनेस को विस्तार देने पर उनका जोर रहा है। ईशा की लीडरशिप में रिलायंस का रिटेल कारोबार तेजी से बदलते उपभोक्ता बाजार और डिजिटल खरीदारी के नए तरीकों के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश कर रहा है।
निसाबा गोदरेज
गोदरेज परिवार की निशाबा गोदरेज ने कंज्यूमर प्रोडक्ट्स कारोबार में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन हैं और कंपनी के नेतृत्व में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उनके कार्यकाल में कारोबार के आधुनिकीकरण, नए उत्पादों, ब्रांड विस्तार और पर्यावरण के अनुकूल कारोबारी तरीकों पर जोर दिया गया। गोदरेज ग्रुप की पुरानी कारोबारी पहचान को बदलते बाजार की जरूरतों के मुताबिक आगे बढ़ाने में उनका योगदान रहा है। उनकी रणनीति में भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कंपनी की मौजूदगी मजबूत करना भी शामिल रहा है।
जयंती चौहान
बिसलेरी इंटरनेशनल के फाउंडर रमेश चौहान की बेटी जयंती चौहान ने पारिवारिक कारोबार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली है। बोतलबंद पानी के बाजार में बिसलेरी की मजबूत पहचान को बनाए रखना उनके सामने बड़ी चुनौती रही है।
इस क्षेत्र में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से मुकाबला है। ऐसे माहौल में जयंती ने ब्रांड की मार्केटिंग, उत्पादों की गुणवत्ता और कारोबार के विस्तार पर ध्यान दिया है। उनकी कोशिश बिसलेरी को सिर्फ एक पुराने और लोकप्रिय ब्रांड के तौर पर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के उपभोक्ताओं की पसंद के मुताबिक विकसित करने की भी है।
वनिषा मित्तल
दुनिया के बड़े स्टील कारोबारियों में शामिल लक्ष्मी निवास मित्तल की बेटी वनिषा मित्तल का नाम भी अंतरराष्ट्रीय कारोबारी जगत में जाना जाता है। वह आर्सेलरमित्तल से जुड़ी हैं और कंपनी के बोर्ड में उनकी भूमिका है। दुनिया के कई देशों में कारोबार करने वाली इस स्टील कंपनी के साथ उनका जुड़ाव उन्हें वैश्विक उद्योग जगत का अनुभव देता है।
स्टील जैसे बड़े और प्रतिस्पर्धी उद्योग में कंपनी की अंतरराष्ट्रीय स्थिति, कारोबारी रणनीति और विस्तार बेहद महत्वपूर्ण हैं। वनिषा मित्तल की पहचान भी इसी बड़े औद्योगिक कारोबारी परिवार की अगली पीढ़ी के रूप में बनी है।
तान्या दुबाश
गोदरेज परिवार की तान्या दुबाश ग्रुप की प्रमुख कारोबारी हस्तियों में शामिल हैं। वह गोदरेज इंडस्ट्रीज की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। ग्रुप की ब्रांड पहचान को मजबूत करने और अलग-अलग कारोबारों के बीच एक समान ब्रांड छवि बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
गोदरेज का कारोबार कंज्यूमर प्रोडक्ट्स से लेकर रियल एस्टेट और औद्योगिक क्षेत्रों तक फैला हुआ है। ऐसे डायवर्सिफाई कारोबार वाले ग्रुप के लिए ब्रांड की विश्वसनीयता और बाजार में उसकी पहचान बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है। तान्या इसी मोर्चे पर समूह के लिए काम करती रही हैं।
राधिका पीरामल
पीरामल परिवार की राधिका पीरामल ने लगेज और ट्रैवल एक्सेसरीज के कारोबार में अपनी पहचान बनाई है। वह वीआईपी इंडस्ट्रीज की एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरपर्सन हैं। कंपनी के कारोबार को भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आगे बढ़ाने की रणनीति में उनकी अहम भूमिका रही है।
राधिका ने उत्पादों की रेंज, ब्रांड की स्थिति और बाजार में कंपनी की मौजूदगी को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया है। उनके नेतृत्व में वीआईपी इंडस्ट्रीज बदलते ट्रैवल बाजार में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।