सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Multiple Credit Cards: फायदेमंद है एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखना, ऐसे उठाएं लाभ

Published: Tue, 02 Jul 2024 08:00 AM (GMT+05:30)

भारत में बहुत-से लोग एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रखते हैं। एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रखने को अमूमन सही ...और पढ़ें

एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रहेंगे, तो आप नो-कास्ट EMI ऑफर का बेहतर तरीके से लाभ उठा पाएंगे।
एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रहेंगे, तो आप नो-कास्ट EMI ऑफर का बेहतर तरीके से लाभ उठा पाएंगे।

HighLights

  1. देश में 9 करोड़ से अधिक क्रेडिट कार्ड यूजर हैं।
  2. कइयों के पास एक से अधिक क्रेडिट कार्ड हैं।
  3. एक से अधिक कार्ड फायदेमंद भी हो सकता है।
  4. इसके लिए वित्तीय तौर पर अनुशासित होना पड़ेगा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। आज क्रेडिट कार्ड बहुत-से लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। रिजर्व बैंक (RBI) के डेटा के मुताबिक, भारत में साल 2023 के आखिर तक 9 करोड़ से अधिक एक्टिव क्रेडिट कार्ड थे। एक साल पहले के मुकाबले इसमें करीब 17 फीसदी का उछाल आया है। इसमें कई लोग ऐसे भी हैं, जिनके पास एक से अधिक क्रेडिट कार्ड हैं।

हालांकि, एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रखना अच्छा नहीं समझा जाता। कई लोग मानते हैं कि इससे फिजूलखर्ची की आदत बढ़ती है, आप कर्ज के जाल में भी फंस सकते हैं। और फिर एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड को मैनेज करना भी मुश्किल काम होता है। लेकिन, अगर आप आर्थिक नजरिए से अनुशासित हैं, तो एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रखना आपके लिए फायदेमंद भी हो सकता है।

ब्याज मुक्त पैसों का मिलेगा लाभ

क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन और बिल पेमेंट की लास्ट डेट के बीच 18-55 दिन इंटरेस्ट-फ्री होते हैं। इस दौरान लेन-देन पर कोई ब्याज नहीं देना होता। बस ATM विड्राल इसका अपवाद है। आपको क्रेडिट कार्ड से खर्च होने वाली रकम को आखिरी तारीख तक चुका देना होता है। अगर आप अलग-अलग कार्ड के इंटरेस्ट-फ्री पीरियड के हिसाब से बड़े खर्च बांट दें, तो एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रखने का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठा सकते हैं।

नो-कास्ट EMI का उठाएं फायदा

फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर कई प्रोडक्ट्स नो-कास्ट EMI पर मिलते हैं। ऐसे ऑफर में EMI से सिर्फ खरीद देनी होती है, ब्याज नहीं। लेकिन, ये अक्सर अलग-अलग क्रेडिट कार्ड के लिए होते हैं। जैसे कि कोई प्रोडक्ट HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड से खरीदे जाने पर नो-कास्ट EMI मिलेगा, तो कोई SBI के। ऐसे में आपके एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रहेंगे, तो आप नो-कास्ट EMI ऑफर का बेहतर तरीके से लाभ उठा पाएंगे।

रिवॉर्ड पॉइंट के हिसाब से ट्रांजेक्शन

कई बैंक अपने क्रेडिट कार्ड को मुफ्त एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस और पेट्रोल पंप पर फ्यूल सरचार्ज वापस मिलने जैसी सुविधाओं के साथ आते हैं। आपको अपने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल इस हिसाब से करना चाहिए, ताकि आप रिवॉर्ड प्रोग्राम और बाकी बेनिफिट्स का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सकें। एक कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट खत्म हो जाने के बाद दूसरे क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन कर सकते हैं, ताकि हर खरीदारी पर रिवॉर्ड पॉइंट मिलते रहें। क्रेडिट कार्ड कार्ड चोरी होने या खोने पर दूसरा मिलने में वक्त लगेगा। अगर आपके पास एक से अधिक क्रेडिट कार्ड होंगे, तो आपका काम नहीं रुकेगा।

बिल पेमेंट के लिए रिमाइंडर सेट करें

एक से अधिक क्रेडिट कार्ड रखने पर उन्हें मैनेज करने में ज्यादा परेशानी होती है। कई बार बिल पेमेंट की लास्ट डेट चूकने का भी खतरा रहता है। इससे आपको भारी भरकम ब्याज देना पड़ेगा, साथ ही आपका सिबिल स्कोर भी खराब हो जाएगा। इस परेशानी से बचने के लिए आप सभी क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट के लिए मोबाइल पर रिमाइंडर सेट कर सकते हैं। इसके लिए आपके कई ऐप भी मिल जाएंगे, जिनसे क्रेडिट कार्ड को मैनेज करना आसान हो जाएगा।

यह भी पढ़ें : कैसे चलन में आया क्रेडिट कार्ड, क्या है इसके पीछे की कहानी?

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।