NSE की नई बिल्डिंग होगी तैयार, BKC में हुआ भूमि पूजन; ये शख्स है आर्किटेक्ट, खूबसूरत ग्लोब समेत होंगे कई खास फीचर्स
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में अपने नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए भूमि ...और पढ़ें

NSE की नयी बिल्डिंग होगी तैयार
HighLights
मुंबई के BKC में NSE के नए ऑफिस का भूमि पूजन
प्रसिद्ध आर्किटेक्ट हफीज कॉन्ट्रैक्टर ने किया डिजाइन
इमारत में पब्लिक एट्रियम और मार्केट सर्विलांस रूम होंगे
बिजनेस डेस्क, मुंबई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में अपने नए ऑफिस बिल्डिंग के निर्माण से पहले भूमि पूजन समारोह आयोजित किया। NSE का नया कार्यालय ब्लॉक जी के प्लॉट नंबर सी-81 और सी-82 पर बनाया जाएगा। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने लगभग 10,995 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का यह भूखंड NSE को 80 साल की लीज पर अलॉट किया है।
किसने किया है डिजाइन?
प्रसिद्ध आर्किटेक्ट हफीज कॉन्ट्रैक्टर ने इस इमारत का डिजाइन तैयार किया है। भूमि पूजन समारोह के अवसर पर प्रस्तावित भवन के आर्किटेक्चरल डिजाइन को भी रिवील किया गया। यह नया ऑफिस NSE के लॉन्ग टर्म और एक्सपेंशन प्लान्स को सहयोग देगा।
इस समारोह में NSE के चेयरपर्सन श्रीनिवास इंजेती, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं CEO आशीषकुमार चौहान, बोर्ड के सदस्य और NSE की वरिष्ठ नेतृत्व टीम के अधिकारी उपस्थित रहे।
क्या होगा बिल्डिंग में खास?
प्रस्तावित इमारत का डिजाइन स्पेसिफिक एंगुलर स्ट्रक्चर वाला होगा। एंट्री गेट के पास NSE के लोगो के साथ एक बड़ा नीले रंग का ग्लोब बनाया जाएगा। इमारत का बाहरी हिस्सा कांच से तैयार किया जाएगा। परिसर में लैंडस्केपिंग के साथ खुले स्थान भी होंगे। इसके अलावा आम नागरिकों और कर्मचारियों के लिए वाहन से उतरने की अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी।
पब्लिक एट्रियम और एक्सपीरियंस सेंटर
प्रस्तावित भवन में एक विशाल मेन रिसेप्शन, पब्लिक एट्रियम और एक्सपीरियंस सेंटर बनाया जाएगा। इन स्थानों की डिजाइन में खुले इंटीरियर, कई स्तर और हरियाली को शामिल किया गया है। इसके अलावा एक समर्पित लिस्टिंग हॉल भी बनाया जाएगा। इसमें बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था और प्रस्तुतियों के लिए एक केंद्रीय स्थान होगा।
ऑफिशियल वर्कस्टेशन भी होंगे
बिल्डिंग में बड़े साइज की खिड़कियों वाले ऑफिशियल वर्कस्टेशन भी होंगे। बाजार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई स्क्रीन और मॉनिटरिंग डेस्क से लैस एक अलग मार्केट सर्विलांस रूम भी बनाया जाएगा। प्रस्तावित इमारत में खुले कॉरिडोर, रिसेप्शन क्षेत्र और विजिटर्स और कर्मचारियों के लिए निर्धारित स्थान होंगे। इमारत के बाहरी और आंतरिक हिस्सों की झलक आर्किटेक्चरल वीडियो के माध्यम से प्रस्तुत की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।