Rupee Rate Today: रुपये में लगातार तीसरे दिन मजबूती, 35 पैसे चढ़कर 95.25 प्रति डॉलर पर, पढ़ें पूरी खबर
अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों और आरबीआई के बयान से रुपया लगातार तीसरे दिन मजबूत हुआ। यह 35 पैसे बढ़कर 95.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जिससे शेयर ...और पढ़ें

HighLights
रुपया 35 पैसे मजबूत होकर 95.25 प्रति डॉलर पर।
अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों से बाजार में तेजी।
आरबीआई गवर्नर के बयान से भी रुपये को मिला समर्थन।
अमेरिका एवं ईरान के बीच शांति समझौते की बढ़ती उम्मीदों के बीच सोमवार को रुपया 35 पैसे मजबूत होकर 95.25 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। यह रुपये में तेजी का लगातार तीसरा सत्र रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ी उम्मीदों से बाजार में सकारात्मक रुख रहा। लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी जैसे अहम मुद्दों पर मतभेद अभी बने हुए हैं। कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा के बयान से भी रुपये को समर्थन मिला।
मल्होत्रा ने कहा है कि केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में व्यवस्थित मूल्य निर्धारण सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.36 प्रति डॉलर के भाव पर खुला और इसने दिन में 95.12 के ऊपरी एवं 95.44 के निचले स्तर को छुआ।
कारोबार के अंत में रुपया 95.25 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले सत्र की तुलना में 35 पैसे की बढ़त है। शुक्रवार को रुपया 75 पैसे मजबूत होकर 95.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से भी बाजार को समर्थन मिला कि अमेरिका एवं ईरान ने शांति समझौते पर बातचीत लगभग पूरी कर ली है।
हालांकि, ट्रंप ने वार्ताकारों को जल्दबाजी न करने की सलाह दी है। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमेरिका और भारत अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं। दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिरकर 99.98 पर आ गया।
खबरें और भी
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड होर्मुज का समुद्री मार्ग खुलने की उम्मीद से वायदा कारोबार में 5.10 प्रतिशत टूटकर 98.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 1,073.61 अंक चढ़कर 76,488.96 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 312.40 अंक बढ़कर 24,031.70 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 4,440.47 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। इस बीच, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 15 मई को समाप्त सप्ताह में 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया।
(पीटीआई इनुपट के साथ)