Tata-Boeing ने किया कमाल, दुनिया के सबसे खतरनाक हेलिकॉप्टर Apache' का 400वां हिस्सा किया तैयार
टाटा बोइंग एयरोस्पेस लिमिटेड (TBAL) ने हैदराबाद में AH-64E अपाचे कॉम्बैट हेलीकॉप्टर के लिए 400वां फ्यूजलेज सफलतापूर्वक निर्मित किया है। ...और पढ़ें

टाटा बोइंग एयरोस्पेस ने हैदराबाद में बनाया 400वां अपाचे हेलीकॉप्टर फ्यूजलेज
HighLights
TBAL ने हैदराबाद में AH-64E अपाचे का 400वां फ्यूजलेज बनाया।
यह फ्यूजलेज वैश्विक स्तर पर और भारतीय सेना को भी सप्लाई होगा।
TBAL उन्नत रोबोटिक्स और एयरोस्पेस विनिर्माण तकनीकों का उपयोग करता है।
नई दिल्ली। टाटा बोइंग एयरोस्पेस लिमिटेड (TBAL) ने हैदराबाद में अपनी अत्याधुनिक सुविधा में AH-64E अपाचे कॉम्बैट हेलीकॉप्टर के लिए 400वें फ्यूजलेज का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। TBAL ने सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। TBAL, बोइंग और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) के बीच एक संयुक्त उद्यम है। बयान के अनुसार, इन फ्यूजलेज का निर्माण भारत में किया जाता है और इन्हें दुनिया भर में सप्लाई किए जाने वाले अपाचे हेलीकॉप्टरों में लगाया जाता है।
इनमें अमेरिकी सेना को आपूर्ति किए जाने वाले हेलीकॉप्टरों के साथ-साथ 2025 में भारतीय सेना को सौंपे गए छह अपाचे हेलीकॉप्टर भी शामिल हैं। भारतीय वायुसेना के पास 22 एएच-64ई अपाचे हेलिकॉप्टर हैं।
बयान में कहा गया, "टीबीएएल ने हैदराबाद में 52,000 वर्ग मीटर के अपने संयंत्र से दुनिया के सबसे उन्नत और प्रमाणित लड़ाकू हेलिकॉप्टर एएच-64ई अपाचे के लिए 400वें ढांचे को सफलतापूर्वक तैयार कर लिया है।"
वर्ष 2016 में स्थापित टीबीएएल में 750 से अधिक इंजीनियर और तकनीशियन कार्यरत हैं। ये कर्मचारी अपाचे हेलिकॉप्टर के लिए ढांचा बनाने के लिए उन्नत रोबोटिक्स, स्वचालन और एयरोस्पेस विनिर्माण तकनीकों का उपयोग करते हैं। कंपनी ने कहा कि करीब 1,300 अपाचे हेलिकॉप्टर 19 देशों में परिचालन में हैं और इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें- JP Associates के बाद अदाणी के हाथ लगी एक और बड़ी कंपनी, मिलेगा 330 MW का विशालकाय हाइड्रो पावर प्लांट
एजेंसी इनपुट के साथ
