यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Year Ender 2024: शेयर बाजार 85 हजारी बना, रिलायंस-डिज्नी डील... 2024 में और क्या हुआ खास?
Business Recap 2024 बिजनेस की दुनिया में साल 2024 के दौरान कई ऐसी चीजें हुईं जिन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इस साल सेंसेक्स पहली बार 85 हजार के प ...और पढ़ें

HighLights
- बिटकॉइन 2024 के दौरान पहली बार 1 लाख डॉलर के पार पहुंचा।
- साल 2024 में गोल्ड ने भी करीब 27 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया।
- एपल की वैल्यू भारत की जीडीपी के लगभग बराबर हो गई है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। साल 2024 खत्म होने की दहलीज पर पहुंच गया है। इस साल कई कारोबार जगत में कई बड़े घटनाक्रम हुए, जिन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इनमें शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी, बिटकॉइन का तूफानी रिटर्न और रिलायंस-डिज्नी की बहुचर्चित डील (Business Highlights 2024) शामिल है। आइए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं।
पहली बार 85 हजारी बना सेंसेक्स
अगर 2024 के आखिरी कुछ महीनों को छोड़ दें, तो शेयर बाजार ने निवेशकों को काफी शानदार रिटर्न दिया है। बीएसई सेंसेक्स पहली बार 85 हजार के पार जाने में भी सफल रहा। हालिया गिरावट के बाद भी सेंसेक्स ने इस साल 8 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है। वहीं, निफ्टी भी पहली बार 26 हजार के पार पहुंचा। उसने भी 2024 में करीब 9 फीसदी का रिटर्न दिया है।
बिटकॉइन में तूफानी तेजी

इस साल बिटकॉइन ने भी इतिहास रच दिया। वह पहली बार 1 लाख डॉलर के पार भी पहुंचा। बिटकॉइन में तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद आई। चुनावी नतीजों के दिन बिटकॉइन 70 हजार डॉलर से नीचे था। वहां से ये 1 लाख 6 हजार डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा। हालांकि, इसमें मुनाफावसूली के चलते कुछ गिरावट भी आई। फिलहाल यह 93,682.83 के स्तर पर है। इस गिरावट के बावजूद बिटकॉइन ने साल 2024 में 122 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया।
गोल्ड का प्रदर्शन भी रहा दमदार
साल 2024 में गोल्ड ने भी करीब 27 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया। यह साल 2010 के बाद सोने का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। सोने में इस तेजी के कई कारण रहे। इनमें फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती और भू-राजनीतिक जोखिम शामिल हैं। साथ ही, महंगाई और दूसरे वित्तीय संकट से बचने के लिए आरबीआई समेत दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने सोने की खरीद की। इससे भी गोल्ड की कीमतों में भारी उछाल आया। एक्सपर्ट के मुताबिक, इस साल गोल्ड की कुल मांग 100 बिलियन डॉलर को पार कर गई।
खबरें और भी
रिलायंस-डिज्नी के बीच मर्जर डील

अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज और अमेरिकी कंपनी डिज्नी के बीच अपने-अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म को एक साथ मर्ज करने की डील हुई। इस डील के मुताबिक, रिलायंस का जियो सिनेमा और डिज्नी का हॉटस्टार मर्ज होकर एक प्लेटफॉर्म बन जाएंगे। अब डिज्नी-रिलायंस एंटरटेनमेंट के पास अब 2 ओवर द टॉप यानी, OTT और 120 चैनल के साथ 75 करोड़ दर्शक हो गए हैं। वहीं, अप्रैल में रिलायंस इंडस्ट्री का टर्नओवर 10 लाख करोड़ के पार पहुंच गया। यह इस मुकाम तक पहुंचने वाली देश की पहली कंपनी बनी।
एपल-एनवीडिया का मार्केट कैप
अमेरिकी टेक्नोलॉजी दिग्गज एपल का मार्केट कैप 4 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंचा। आईफोन बनाने वाली कंपनी की वैल्यू भारत की जीडीपी के लगभग बराबर हो गई है। वहीं, साल 2024 में चिपमेकर एनवीडिया और माइक्रोसॉफ्ट के मार्केट कैप में भी बड़ा उछाल आया। दोनों ही 3-3 ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप वाली कंपनी बन गईं। एनवीडिया (NVIDIA Corp) के शेयरों में पिछले 5 साल के दौरान 2000 फीसदी से अधिक उछाल आया है।
