NSC vs PPF vs SSY: एफडी को पीछे छोड़, सिर्फ ₹500 के निवेश में ये योजनाएं दे रहीं 8% से ज्यादा का ब्याज
यह लेख तीन सरकारी योजनाओं - NSC, PPF और SSY - के बारे में बताता है जो बैंक FD से बेहतर रिटर्न और टैक्स लाभ देती हैं। ये योजनाएं सुरक्षित निवेश के साथ ...और पढ़ें

NSC VS PPF VS SSY एफडी को पीछे छोड़, सिर्फ ₹500 के निवेश में ये योजनाएं दे रहीं 8% से ज्यादा का रिटर्न (AI Generated Image)
HighLights
NSC, PPF, SSY FD से बेहतर रिटर्न देती हैं।
ये सरकारी योजनाएं 100% सुरक्षित और टैक्स-मुक्त हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य के लिए वरदान।
नई दिल्ली। हर महीने होने वाली कमाई में से कुछ पैसे बचाकर सही जगह निवेश करना बेहद जरूरी है, ताकि रिटायरमेंट के बाद जिंदगी बिना किसी टेंशन के ऐश से कटे। आजकल कोई शेयर मार्केट में किस्मत आजमा रहा है, तो कोई सोना या बॉन्ड्स खरीद रहा है। लेकिन जो लोग बिल्कुल भी रिस्क नहीं लेना चाहते, उनकी पहली पसंद होती है बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD।
पर क्या आप जानते हैं कि मार्केट में कुछ ऐसी सरकारी योजनाएं भी हैं, जो आपकी पसंदीदा FD से कहीं ज्यादा रिटर्न दे रही हैं? इनकी सबसे अच्छी बात ये है कि ये केंद्र सरकार की स्कीमें हैं, इसलिए आपका एक-एक पैसा 100% सुरक्षित है और साथ ही आपको तगड़ा टैक्स बेनिफिट (टैक्स में छूट) भी मिलता है। आइए जानते हैं इन 3 स्कीमों के बारे में, जहां आपका पैसा भी सुरक्षित है और आपको तगड़ा रिटर्न भी मिलेगा।
1. नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC)
अगर आप 5 साल के लिए पैसा निवेश करके भूल जाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) स्कीम आपके लिए बेस्ट है। इस समय NSC पर 7.7% की दर से दमदार ब्याज मिल रहा है, जो ज्यादातर बैंकों की FD से ज्यादा है। वहीं आप मात्र ₹1,000 से अपना निवेश शुरू कर सकते हैं। इसमें अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। इसका मैच्योरिटी पीरियड 5 साल का होता है। कोई भी भारतीय नागरिक इसे अपने नजदीकी डाकघर से खरीद सकता है।
2. पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF)
लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट और टैक्स बचाने के लिए पीपीएफ (PPF) को सबसे भरोसेमंद माना जाता है। ये उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो बुढ़ापे के लिए बड़ा फंड जोड़ना चाहते हैं। फिलहाल इस स्कीम पर सरकार 7.10% का सालाना ब्याज दे रही है।आप एक साल में कम से कम ₹500 और ज्यादा से ज्यादा ₹1.50 लाख जमा कर सकते हैं। ये योजना 15 साल के लिए होती है। साथ ही इस योजना से होने वाले लाभ पर किसी तरह का टैक्स नहीं लगता है, इसे इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत छूट मिलती है।
खबरें और भी
3. सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)
अगर आपके घर में बेटी है और आप उसके उज्ज्वल भविष्य, पढ़ाई और शादी के खर्च की चिंता से मुक्त होना चाहते हैं, तो ये स्कीम आपके लिए वरदान है। ये खास तौर पर बच्चियों के लिए बनाई गई सरकार की सबसे सुपरहिट योजना है। इस योजना में पैसा डालने से 8.20% की दर पर रिटर्न मिलता है। आप साल भर में कम से कम ₹250 और अधिकतम ₹1.50 लाख निवेश कर सकते हैं। वहीं बेटी के नाम किए जाने वाले इस निवेश पर भी आपको सेक्शन 80C के तहत टैक्स में भारी छूट मिलती है। इस स्कीम की एक शर्त ये है कि आप बेटी के 10 साल के होने के बाद इसमें पैसा नहीं डाल सकते हैं।
सही जगह और सही समय पर किया हुआ निवेश आपको लंबी अवधि के बाद अच्छा रिटर्न दिला सकता है, जिससे भविष्य में आपकी अच्छी मदद होगी। इसलिए जहां भी निवेश करें, हमेशा सोच-समझकर करें।