सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पोस्ट ऑफिस के चक्कर खत्म! अपना SSY, PPF और SCSS खाता बिना बंद किए सीधे बैंक में करें ट्रांसफर, ये है पूरा प्रोसेस

Updated: Mon, 17 Aug 2026 04:50 PM (IST)

Post office की छोटी बचत योजनाओं जैसे PPF, सुकन्या समृद्धि और SCSS खातों को अब बिना बंद किए बैंक में ट्रांसफर करना आसान हो गया है।

पुरानी बचत भी रहेगी सुरक्षित (AI-Generated image)

पुरानी बचत भी रहेगी सुरक्षित (AI-Generated image)

HighLights

  1. PPF, SSY, SCSS खाते बैंक में आसानी से ट्रांसफर करें।

  2. पुराना खाता बंद किए बिना मैच्योरिटी और ब्याज दर जारी।

  3. डिजिटल बैंकिंग का लाभ उठाएं, पोस्ट ऑफिस के चक्कर खत्म।

नई दिल्ली: अगर आपका या आपके परिवार के किसी सदस्य का पैसा पोस्ट ऑफिस (Post Office) की छोटी बचत योजनाओं में लगा है, तो आपके लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) और सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) जैसी शानदार सरकारी योजनाओं में निवेश करने वाले करोड़ों लोग अब अपने खाते को आसानी से पोस्ट ऑफिस से अपने मनपसंद बैंक में ट्रांसफर कर सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अच्छी बात यह है कि इस ट्रांसफर के लिए आपको अपना पुराना खाता बंद करने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी और आपकी पुरानी बचत व अकाउंट की मैच्योरिटी (Continuity) पर भी कोई असर नहीं होगा।

आखिर क्यों ट्रांसफर करें अपना खाता?

पोस्ट ऑफिस की योजनाएं बेहद सुरक्षित और शानदार रिटर्न देने वाली होती हैं, लेकिन कई बार निवेशकों को डिजिटल बैंकिंग, नेट बैंकिंग या एक ही जगह (बैंक) पर अपने सारे खाते मैनेज करने की जरूरत महसूस होती है। ऐसे में यह ट्रांसफर सुविधा उन निवेशकों के लिए एक बड़ी राहत है, जो बार-बार पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगाने से बचना चाहते हैं और अपने मोबाइल या लैपटॉप से बैंकिंग का मजा लेना चाहते हैं।

क्या है अकाउंट ट्रांसफर करने का पूरा प्रोसेस?

अपने PPF, सुकन्या समृद्धि या SCSS खाते को पोस्ट ऑफिस से बैंक में ले जाने की प्रक्रिया बेहद आसान है। इसके लिए आपको इन स्टेप्स को फॉलो करना होगा:

1. सबसे पहले आपको उस पोस्ट ऑफिस ब्रांच में जाना होगा, जहां आपका यह खाता खुला हुआ है।
2. वहां जाकर आपको अकाउंट ट्रांसफर करने का एक फॉर्म (Transfer Application Form) भरना होगा। इसके साथ आपको अपने खाते की ओरिजिनल पासबुक और केवाईसी (KYC) डॉक्यूमेंट्स (जैसे आधार, पैन कार्ड) जमा करने होंगे।
3. पोस्ट ऑफिस से बैंक में खाता ट्रांसफर करने के लिए आपको 100 रुपये + GST का शुल्क (Transfer Fee) देना होगा।
4. आपके फॉर्म जमा करने के बाद, पोस्ट ऑफिस आपके खाते का पूरा बैलेंस और जरूरी दस्तावेज आपके चुने हुए नए बैंक को भेज देगा।
5. एक बार जब आपके दस्तावेज नए बैंक में पहुंच जाएंगे, तो बैंक आपको नया अकाउंट ओपनिंग फॉर्म भरने और केवाईसी (KYC) पूरी करने के लिए बुला सकता है। इसके बाद आपका खाता बैंक में चालू हो जाएगा और आपको एक नई पासबुक दे दी जाएगी।

ब्याज दर और पुरानी बचत का क्या होगा?

इस प्रक्रिया का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपके खाते की कंटिन्यूटी नहीं टूटती है। इसका मतलब है कि आपका जितना पैसा Post office में जमा था, वह सुरक्षित रूप से बैंक में आ जाएगा। आपका खाता जिस साल में खुला था, मैच्योरिटी उसी साल से गिनी जाएगी। आपको दोबारा शुरुआत करने की जरूरत नहीं है। आपको इन योजनाओं पर वही मौजूदा ब्याज दर मिलेगी, जो पहले मिल रही थी। वर्तमान में PPF पर 7.1%, सुकन्या समृद्धि पर 8.2% और SCSS पर 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है।

यह भी पढ़ें: भारत की 60% कॉरपोरेट कमाई पर सिर्फ इन 5 घरानों का कब्जा! 'अडानी-अंबानी' के साथ इस लिस्ट में है किसका नाम?