सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संडे भी और दीवाली भी, फिर भी 1 घंटा 10 मिनट के लिए खुलेगा शेयर बाजार; इन कारणों से बहुत खास होती है मुहूर्त ट्रेडिंग

Published: Sun, 08 Nov 2026 09:08 AM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2026 02:30 PM (IST)

भारतीय शेयर बाजार में दिवाली के अवसर पर पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष सत्र रविवार को ...और पढ़ें

दीवाली पर कब खुलेगा शेयर बाजार? (AI फोटो)

दीवाली पर कब खुलेगा शेयर बाजार? (AI फोटो)

HighLights

  1. दीवाली पर NSE, BSE पर विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग

  2. सत्र दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा

  3. निवेशक इसे हिंदू नववर्ष की शुभ शुरुआत मानते हैं

एजेंसी, नई दिल्ली। दीवाली के अवसर पर आज भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में रविवार को भी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर एक घंटे के एक विशेष सत्र में कारोबारी होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगी। हालांकि 8 नवंबर नियमित रूप से साप्ताहिक अवकाश का दिन है, लेकिन दीवाली लक्ष्मी पूजन के अवसर पर विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित करने की परंपरा को जारी रखा जाएगा।

मुहूर्त ट्रेडिंग माना जाता है शुभ

बता दें कि शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को बेहद शुभ माना जाता है। यह केवल एक विशेष कारोबारी सत्र नहीं, बल्कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी है। इसी कारण बड़ी संख्या में निवेशक इस दौरान सांकेतिक तौर पर शेयर खरीदते हैं और नए निवेश की शुरुआत करते हैं। मान्यता है कि लक्ष्मी पूजन के दिन किया गया निवेश आने वाले वर्ष में समृद्धि और शुभ फल प्रदान करता है।

एक्सचेंजों द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा। ब्लॉक डील विंडो 1:50 बजे से 2:05 बजे तक खुली रहेगी। नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद क्लोजिंग सेशन और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन निर्धारित समयानुसार संचालित किए जाएंगे।

मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व केवल धार्मिक और पारंपरिक नहीं है, बल्कि यह निवेशकों के मनोबल और बाजार की सकारात्मक भावना से भी जुड़ा हुआ है। कई दीर्घकालिक निवेशक इस दौरान अपने पोर्टफोलियो में नए शेयर जोड़ते हैं, जबकि कुछ निवेशक केवल शुभ शुरुआत के लिए सांकेतिक खरीदारी करते हैं।

नवंबर 2026 में मुहूर्त ट्रेडिंग के अलावा शेयर बाजार कई अन्य अवसरों पर भी बंद रहेगा। दिवाली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर 10 नवंबर को बाजार में अवकाश रहेगा। इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक देव प्रकाश पर्व के चलते भी बाजार बंद रहेगा। नियमित शनिवार और रविवार के अवकाश अलग रहेंगे।

क्या कहते हैं जानकार?

विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग में निवेश का निर्णय केवल शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि कंपनी के मूलभूत प्रदर्शन, दीर्घकालिक संभावनाओं और निवेश लक्ष्य के आधार पर किया जाना चाहिए। हालांकि भारतीय शेयर बाजार में यह परंपरा दशकों पुरानी है और निवेशकों के बीच आज भी उतनी ही लोकप्रिय बनी हुई है।

ये भी पढ़ें - भारत के सबसे पुराने हलवाई: 231 साल तक पुराना इतिहास; लाहौर-कराची वालों का स्वाद दिल्ली-मुंबई वालों को खूब भाया

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।