₹1 का शेयर ₹40 पर गया और फिर ₹15 पर आया, अब नया ऑर्डर मिलने से बना रॉकेट; हीरे और गोल्ड ज्वैलरी बनाती है कंपनी
मिनी डायमंड्स (इंडिया) लिमिटेड को मुंबई की कविश जेवेल्स से 14 करोड़ रुपये का लैब ग्रोन डायमंड्स सप्लाई का घरेलू ऑर्डर मिला है। इस खबर के बाद कंपनी के ...और पढ़ें

मिनी डायमंड्स के शेयर में तेजी (AI जनरेटेड फोटो)
HighLights
मिनी डायमंड्स को 14 करोड़ रुपये का घरेलू ऑर्डर मिला
कविश जेवेल्स ने लैब ग्रोन डायमंड्स का ऑर्डर दिया
ऑर्डर के बाद कंपनी के शेयर 9% तक उछले
नई दिल्ली। हीरा उद्योग की जानी-मानी कंपनी मिनी डायमंड्स (इंडिया) लिमिटेड (MDIL) के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने शेयर बाजार (BSE) को दी गई आधिकारिक जानकारी में बताया है कि उसे मुंबई स्थित एक नए क्लाइंट से 14 करोड़ रुपये का एक घरेलू ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर 'कट एंड पॉलिश्ड लैब ग्रोन डायमंड्स' (Cut and Polished Lab Grown Diamonds) की सप्लाई के लिए मिला है।
किसने दिया है ऑर्डर?
मिनी डायमंड्स को यह ऑर्डर कविश जेवेल्स (Kavish Jewels) ने दिया है। इस कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के तहत, मिनी डायमंड्स को अगले 4 महीनों के भीतर हीरों की आपूर्ति पूरी करनी होगी। वहीं, भुगतान की शर्तें यह तय की गई हैं कि ऑर्डर पूरा होने के 150 दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए मिनी डायमंड्स के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, उपेंद्र नरोत्तमदास शाह ने कहा, "हमें ₹14 करोड़ का यह घरेलू ऑर्डर प्राप्त करते हुए बेहद खुशी हो रही है। यह MDIL के उन प्रयासों का परिणाम है जो हम अपने घरेलू व्यापार और ग्राहक आधार को मजबूत करने के लिए कर रहे हैं। हमारा ध्यान ग्राहकों की जरूरतों को समझने और उन्हें निरंतर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद देने पर है।"
उन्होंने आगे कहा कि घरेलू ग्राहक आधार बढ़ने से कंपनी की भविष्य की आय (Topline growth) में स्थिरता आएगी।
शेयर में आई तेजी
ऑर्डर मिलने के बाद मिनी डायमंड्स का शेयर करीब 9 फीसदी तक उछला है। पौने 10 बजे BSE पर ये 5.71 फीसदी या 0.80 रुपये की मजबूती के साथ 14.80 रुपये पर है। इस भाव पर कंपनी की मार्केट कैपिटल 174.41 करोड़ रुपये है।
खबरें और भी
कैसा रहा शेयर का सफर?
दिसंबर 2017 में लिस्टिंग के समय ये शेयर 1.13 रुपये का था। फिर ये दिसंबर 2024 में 41.23 रुपये के ऑल-टाइम हाई तक गया। जून 2025 में शेयर फिर इसी लेवल के आस-पास तक गया। मगर उसके बाद ये लगातार गिरावट के दौर में रहा और अब 15 रुपये के भी नीचे आ गया है।
मगर मौजूदा भाव पर भी देखें तो इसका रिटर्न लिस्टिंग से 1206 फीसदी रहा है। यानी इसने निवेशकों का पैसा 13 गुना से अधिक कर दिया है।
कितनी पुरानी है कंपनी?
मिनी डायमंड्स की शुरुआत 1987 में हुई थी। कंपनी का मुंबई में एक अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग सेंटर है, जो आधुनिक तकनीक जैसे सरीन टेक्नोलॉजी (Sarin Technology) और ऑटो ब्रूटिंग मशीनों से लैस है। कंपनी न केवल हीरों की प्रोसेसिंग करती है, बल्कि ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग में भी माहिर है।
कंपनी कटे और पॉलिश किए हुए हीरों की मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेड तथा कच्चे हीरों के व्यापार का काम करती है।
ये भी पढ़ें - वेदांता डीमर्जर: आज BSE और NSE पर लिस्ट होंगी ग्रुप की चार नई कंपनियां, किस भाव पर हो सकती है शुरुआत? चेक करें
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)