पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद तेल कंपनियों के शेयर में आई तेजी, HPCL 6% चढ़ा
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (HPCL, BPCL, IOC) के शेयरों में 4-6% की तेजी देखी गई। यह दो हफ्तों ...और पढ़ें

HighLights
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद तेल कंपनियों के शेयर बढ़े।
HPCL, BPCL, IOC के शेयरों में 4-6% तक की तेजी दर्ज।
वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि से महंगाई की चिंता।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सोमवार को सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल के शेयरों में चार से छह प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई।
बीएसई पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का शेयर 5.86 प्रतिशत चढ़कर 412.55 रुपये के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का शेयर 4.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 309 रुपये पर रहा, जबकि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) का शेयर 4.15 प्रतिशत बढ़कर 145.30 रुपये पर पहुंच गया।
तेल विपणन कंपनियों के शेयरों में यह तेजी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को 2.61 से 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद देखी गई, जो दो हफ्तों से भी कम समय में चौथी वृद्धि है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के साथ 15 मई से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर लगभग 7.5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है, जिससे महंगाई और परिवहन लागत बढ़ने की चिंता गहरा गई है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम मिलकर देश के लगभग 90 प्रतिशत ईंधन बाजार पर नियंत्रण रखती हैं। विश्लेषकों के अनुसार, फरवरी के अंत से अब तक वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई है।
खबरें और भी
इसकी वजह अमेरिका-इजराइल हमलों के बाद ईरान में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति बाधित होने की आशंका बताई जा रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल परिवहन का प्रमुख मार्ग है।
(पीटीआई इनपुट के साथ)