विजय केडिया ने इन 2 स्मॉल-कैप स्टॉक्स में लगाया दांव, एक में लगाया ₹49 करोड़ और दूसरे में ₹17 करोड़
शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने मार्च 2026 तिमाही में दो स्मॉल-कैप कंपनियों, वेबसोल एनर्जी और महामाया लाइफसाइंसेज, में नई हिस्सेदारी खरीदी ...और पढ़ें

विजय केडिया ने दो स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश किया
HighLights
विजय केडिया ने दो स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश किया।
वेबसोल एनर्जी में ₹49 करोड़, महामाया लाइफसाइंसेज में ₹17 करोड़।
सौर ऊर्जा और कृषि क्षेत्र की कंपनियों पर भरोसा जताया।
नई दिल्ली। Vijay Kedia Invested in Two Small Cap: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय केडिया अपने निवेश को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। वह जिस भी शेयर में दांव लगाते हैं, उस स्टॉक में हलचल देखने को मिलने लगती है। अपनी लंबी अवधि की निवेश रणनीति और सफल दांवों के लिए मशहूर केडिया ने मार्च 2026 तिमाही के दौरान दो स्मॉल-कैप कंपनियों में नई हिस्सेदारी खरीदी है। खास बात यह है कि दोनों कंपनियां अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हैं और अभी निवेशकों के बीच बहुत ज्यादा चर्चित नाम नहीं हैं।
इस बार विजय केडिया ने जिन दो कंपनियों पर भरोसा जताया है, उनमें पहली कंपनी सोलर एनर्जी सेक्टर से जुड़ी है, जबकि दूसरी कृषि और फसल सुरक्षा उत्पाद बनाने वाली कंपनी है।
विजय केडिया ने इस कंपनी में लगाए 49 करोड़ रुपये
विजय केडिया का पहला दांव पश्चिम बंगाल की सोलर उपकरण निर्माता कंपनी वेबसोल एनर्जी (Vijay Kedia Investment in Websol Energy) पर है। वर्ष 1990 में स्थापित यह कंपनी सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए फोटोवोल्टिक सेल और मॉड्यूल बनाती है। हाल के वर्षों में कंपनी ने अपने कारोबार में उल्लेखनीय सुधार किया है और सोलर सेक्टर की बढ़ती मांग का लाभ उठाया है।
मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के अनुसार, केडिया ने कंपनी में 1 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। यह हिस्सेदारी लगभग 44 लाख शेयरों के बराबर है। मौजूदा बाजार मूल्य के हिसाब से इस निवेश की कीमत करीब 49 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
करीब 4,700 करोड़ रुपये से अधिक के मार्केट कैप वाली इस कंपनी को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। भारत में रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा मिलने से इस क्षेत्र की कंपनियों के लिए भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
खबरें और भी

Websol Energy के शेयर इस साल अब तक 25.52% का रिटर्न दे चुके हैं। शुक्रवार को इसके शेयर -1.67% गिरकर 111 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे।
₹17 करोड़ में विजेय केडिया ने महामाया में खरीदी 4.5% की हिस्सेदारी
केडिया का दूसरा निवेश महामाया लाइफसाइंसेज (Vijay Kedia Investment in Mahamaya Lifesciences) में है। यह कंपनी फसल सुरक्षा और मिट्टी के स्वास्थ्य से जुड़े उत्पादों का निर्माण और निर्यात करती है। वर्ष 2002 में स्थापित कंपनी कीटनाशक फॉर्मूलेशन बनाने के साथ-साथ भारतीय और वैश्विक कृषि रसायन कंपनियों को उत्पादों की आपूर्ति करती है।
मार्च 2026 तिमाही के दौरान केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए विजय केडिया ने कंपनी में 4.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। मौजूदा मूल्यांकन के आधार पर इस निवेश की कीमत 17 करोड़ रुपये से अधिक है।
करीब 381 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली Mahamaya Lifesciences स्मॉल-कैप कैटेगरी में आती है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और उन्नत फसल सुरक्षा उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी के विकास की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।
Mahamaya Lifesciences के शेयर शुक्रवार को 3.48% चढ़कर 160 रुपये के स्तर पर बंद हुए थ।
यह भी पढ़ें- गौतम अदाणी के इस शेयर में तूफानी तेजी, बनाया 52वीक का नया हाई; 6 महीने में दे चुका है 60% का रिटर्न
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)