विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CG Cabinet: आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कैबिनेट की होगी पहली बैठक, तय होंगी सरकार की प्राथमिकताएं

By Jagran NewsEdited By: Mohammad Sameer
Published: Thu, 14 Dec 2023 06:30 AM (IST)

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को कुशासन से मुक्त कर विकास की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपने ...और पढ़ें

पहली कैबिनेट में तय होंगी सरकार की प्राथमिकताएं: विष्णुदेव साय
पहली कैबिनेट में तय होंगी सरकार की प्राथमिकताएं: विष्णुदेव साय

HighLights

  1. सीएम की शपथ लेते ही मंत्रालय पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अधिकारियों से की चर्चा
  2. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा ने संभाला कार्यभार

राज्य ब्यूरो, रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम पद के लिए शपथ लेते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सीधे मंत्रालय पहुंचे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी रहे। तीनों नेताओं ने एक साथ अपना कार्यभार भी संभाल लिया। नवगठित भाजपा की सरकार के मंत्रिमंडल की पहली बैठक गुरुवार को होगी।

बैठक में प्राथमिकता के आधार पर लिए जा सकने वाले फैसलों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री साय ने कहा ने कहा कि हम इस पर मंत्रिमंडल में चर्चा करेंगे। इसके पहले भी मुख्यमंत्री चुने जाने पर ही साय ने मोदी की गारंटी को लागू करने का ऐलान किया था। इनमें किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस देने और 18 लाख जरूरतमंदों को आवास निर्माण के लिए फैसला लिया किया जा सकता है।

इधर, मुख्यमंत्री साय ने मंत्रालय में मुख्य सचिव अमिताभ जैन और पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने जवान कमलेश साहू की शहादत को किया नमन 

मुख्यमंत्री साय ने नारायणपुर में हुए आइईडी ब्लास्ट में सक्ती जिले के हसौद निवासी जवान कमलेश साहू की शहादत को नमन किया है। मुख्यमंत्री ने बलिदानी जवान के स्वजन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कमलेश साहू ने आदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा छत्तीसगढ़ उनके परिजनों के साथ है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवान बालोद निवासी विनय कुमार के बेहतर उपचार के निर्देश अधिकारियों को दिए।

भगवान से प्रार्थना है कि हम काम करने में सफल हों

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज उप मुख्यमंत्री साव और शर्मा ने शपथ ली। हम भाग्यशाली हैं कि शपथ ग्रहण समारोह में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , कई केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

हम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं। सभी आमजनों को धन्यवाद प्रकट करता हूं जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि हमने मंत्रालय में काम शुरू किया। हालांकि आज कोई निर्णय नहीं लिया गया। गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक होगी। सभी विभागों के सचिवों के साथ एक परिचयात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद एक प्रेस वार्ता की जाएगी। हमने भगवान से प्रार्थना की है कि एक हमें एक बड़ा जनादेश मिला है और हम जनता के हित में काम कर पाने में सफल हों।

कैबिनेट पर फैसला जल्द

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तब मेरे पीठ का दर्द ठीक हुआ है। अब तक मेरी पीठ में लगातार दर्द हुआ करता था। इस बार हमारी सरकार आने से कानून व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ होगी। कैबिनेट विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री निर्णय लेंगे, जल्द सब कुछ तय हो जाएगा।

मोदी की गारंटी होगी पूरी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को कुशासन से मुक्त कर विकास की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपने वाली जनता की भावनाओं के अनुरूप काम किया जाएगा। मोदी जी की सभी गारंटियां पूर्ण होगी। किसानों, महिलाओं को दी गई गारंटी पर त्वरित गति से अमल होगा। छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर विश्वास किया है। भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनता के विश्वास की कसौटी पर खरी उतरेगी।