Abhishek Sharma पर कैसे चढ़ा क्रिकेटर बनने का बुखार? युवराज सिंह की किन टिप्स ने बनाया स्टार? SRH के ओपनर ने बताया सबकुछ
अभिषेक शर्मा की कोशिश सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने की है। इस बीच शर्मा ने अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में कई खुलासे किए। ...और पढ़ें

अभिषेक शर्मा (Pic Credit- IPL.com)
HighLights
अभिषेक शर्मा ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई राज खोले
अभिषेक शर्मा ने अपनी लाइफ में युवी की अहमियत बताई
अभिषेक शर्मा की कोशिश एसआरएच को दूसरी बार चैंपियन बनाने की है
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं। उनकी कोशिश सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने की है। अभिषेक ने जिओस्टार के 'ड्रीम ऑन द हैवीवेट' शो में अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में खुलकर बातचीत की।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बताया कि कैसे उन्होंने क्रिकेटर बनने की ठानी और युवराज सिंह व ट्रेविस हेड से उन्हें क्या कुछ सीखने को मिला। पता हो कि अभिषेक शर्मा पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को अपना 'आदर्श' मानते हैं।
तब मन में आया...
25 साल के अभिषेक शर्मा ने बताया कि घर में पहले से ही खेल का माहौल था, जिसके कारण उनके क्रिकेटर बनने की इच्छा पक्की हुई। उन्होंने कहा, 'घर में शुरूआत से ही खेल का माहौल था। मेरे पिता ने पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी खेला और वो कोच भी हैं। उन्हें देखकर मुझे क्रिकेट खेलने की इच्छा जागी। जब भी मैं टीवी पर भारत-पाकिस्तान का मैच या फिर वर्ल्ड कप मैच हो तो मुझे जोश आता था। मैं सोचता था कि इस स्तर पर मैंने भी खेलना है।'
एसआरएच के ओपनर ने आगे कहा, 'मैं बहुत छोटा था, जब बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों का आनंद उठाता था। फिर अंडर-12 टूर्नामेंट आया। मैंने उसमें अच्छा प्रदर्शन किया। खूब रन बनाए और विकेट भी लिए। तब एहसास हुआ कि मुझमें प्रतिभा है और क्रिकेट को गंभीरता से लेना चाहिए।'
खबरें और भी
युवी पाजी का प्रभाव...
अभिषेक शर्मा ने अपने जीवन में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह की अहमियत बताई। युवा क्रिकेटर ने कहा, 'मेरे लिए युवी पाजी के साथ ट्रेनिंग करना बड़ा पल था। मैं बचपन से उन्हें देखता आया हूं। वो मेरे आदर्श रहे। उन्होंने शुरूआत में मुझे मार्गदर्शन दिया, लेकिन हमें ज्यादा समय साथ नहीं मिला। फिर लॉकडाउन आ गया। मुझे लगता है कि युवी पाजी ने कुछ खिलाड़ियों के साथ करीब से काम करने के लिए इसे अवसर समझा।'
एसआरएच के ओपनर ने आगे कहा, 'मैं भाग्यशाली हूं कि उनमें से एक रहा। जब हमारा कैंप शुरू हुआ, युवी पाजी ने कुछ कहा, जिसने मेरे विश्वास को बदल दिया। उन्होंने मुझे कहा कि हम जिस तरह ट्रेनिंग करेंगे, वो केवल घरेलू क्रिकेट, आईपीएल या भारत के लिए कुछ मैचों के खेलने के लिए नहीं होगी। वो हमें भारत के लिए बड़े मैच जिताने के लिए तैयार करेंगे। हम प्रभावी पारी खेलें और गेंद से तब प्रदर्शन करके दें, जब सबसे ज्यादा जरूरत हो।'
गेंद देखों और मारो बस...
अभिषेक शर्मा ने आईपीएल में अपने साथी ट्रेविस हेड के बारे में भी खुलकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि हेड के सिंपल प्लान से उन्हें काफी मदद मिली। ऑरेंज आर्मी के ओपनर ने कहा, 'मैं हेड का खेल साल-डेढ़ साल से देख रहा हूं। मैंने उनसे पहली चीज पूछी कि गेंदबाज पर कैसे हावी होते हैं?
'उन्होंने अपनी योजना बताते हुए कहा- करीब से गेंद देखों और लगे कि शॉट मार सकते हो तो प्रहार करने जाओ। मैंने आईपीएल से पहले उनकी सलाह मानकर अभ्यास किया। अब गेंद मेरे पाले में हुई तो पहली गेंद पर भी छक्का जमा देता हूं।'