'बचपन में कोहली तो अब गिल हैं आइडल…', रोहित के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने वाले Angkrish Raghuvanshi की जुबानी
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अंगक्रिश रघुवंशी ने अंडर-19 विश्व कप और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। वे टीम की ज ...और पढ़ें

रोहित के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने वाले Angkrish Raghuvanshi की जुबानी
डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अंगक्रिश रघुवंशी ने कम उम्र में ही बड़े मंच पर अपनी पहचान बना ली है। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के शीर्ष रन-स्कोरर रहने के बाद उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया। हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनका बल्ला जमकर बोला। आईपीएल 2024 में निडर युवा के रूप में शुरुआत करने वाले अंगक्रिश अब 2026 तक टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी बन चुके हैं। वे कहते हैं, “मैंने अलग-अलग सिचुएशन में बैटिंग करना सीखा है। सीनियर के साथ खेलकर और अपोजिशन को देखकर समझ आया कि टीम को जिताने के बहुत तरीके होते हैं, लेकिन सबसे जरूरी टीम की जीत है।”
कोच अभिषेक नायर के बारे में वे भावुक होकर बताते हैं, “कोई एक सलाह टर्निंग प्वाइंट नहीं थी, लेकिन उन्होंने मुझे कंफर्ट जोन से बाहर निकाला। कठिन ट्रेनिंग करवाई और गेम को लव करना सिखाया। वही मेरे करियर की असली टर्निंग प्वाइंट थी।”
कोलकाता नाइट राइडर्स का भरोसा उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करता है। उनके शब्दों में, “इतनी बड़ी फ्रेंचाइजी जब आप पर भरोसा करती है तो सेल्फ बिलीफ बढ़ता है। जिम्मेदारी भी बढ़ती है कि अगर उन्होंने मुझपर भरोसा किया है तो मुझे भी उन्हें ज्यादा से ज्यादा गेम जिताने हैं।”
रणजी ट्रॉफी में रोहित शर्मा के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अनुभव भी उनके लिए खास रहा। वे कहते हैं कि रोहित कभी अपनी तैयारी में कमी नहीं छोड़ते। बहुत स्मार्ट क्रिकेट खेलते हैं। जब इतने बड़े खिलाड़ी इतनी मेहनत करते हैं तो हमें भी उतनी ही तैयारी करनी पड़ेगी।
खबरें और भी
Bumrah को लेकर Angkrish Raghuvanshi ने क्या कहा?
जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजों के खिलाफ खेलने को वे हमेशा चुनौती मानते हैं। उनका कहना है, “बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ पूरी तैयारी भी कम लगती है। इसलिए प्रैक्टिस को भी टफ बनाना पड़ता है। जितनी कठिन तैयारी होगी, उतना बेहतर खेल पाएंगे।”
बचपन में उनके रोल मॉडल एबी डिविलियर्स और विराट कोहली थे। अब वे शुभमन गिल को अपना आइडल मानते हैं और कहते हैं कि उनकी बल्लेबाज़ी शैली उन्हें बेहद प्रेरित करती है।
युवा खिलाड़ियों के लिए उनका संदेश साफ है, “जितनी टफ प्रैक्टिस कर सकते हो, करो। ज्यादा समय ग्राउंड पर बिताओ। अगर क्रिकेट खेलना है तो उसे सिर्फ खेलो नहीं, जियो।”
फिलहाल उनका फोकस मुंबई अंडर-23 टीम पर है। वे कहते हैं, “अभी पूरा ध्यान अपनी टीम को जिताने पर है। फिर चाहे आईपीएल हो या मुंबई की टीम, लक्ष्य हमेशा जीत ही रहेगा।”
"T20 World Cup 2026 का खिताब जीतेगा भारत"
टी-20 विश्व कप को लेकर वे आत्मविश्वास से भरे हैं। उनका मानना है, “टीम इंडिया जरूर विश्व कप जीतेगी। अगर टीम जीतती है तो फर्क नहीं पड़ता कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट कौन बने-सबसे बड़ी बात देश की जीत है।”