हैरी ब्रूक को क्यों होने लगी थी IPL में घुटन? इंग्लैंड के कप्तान ने किया हैरान करने वाला खुलासा
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने अपने एकमात्र आईपीएल सीजन (2023) के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उन्हें लगातार आलोचना और सोशल मीडिया की निगरानी के कारण 'घुटन' महसूस हुई।

हैरी ब्रूक ने आईपीएल को लेकर दिया बड़ा बयान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने अभी तक एक ही आईपीएल खेला है और वो खेला था साल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए। ब्रूक का ये सीजन अच्छा नहीं रहा था। बेशक उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक जमाया था, लेकिन पूरे सीजन में कुल 190 रन ही बना पाए थे। ब्रूक ने अब बताया है कि उनका आईपीएल में दम घुटने लगा था।
ब्रूक को हैदराबाद ने काफी उम्मीदों से खरीदा था जिनपर वह खरा नहीं उतर सके थे। 2023 के बाद ब्रूक फिर दोबारा आईपीएल में नहीं खेले। उन्होंने बताया है कि उनकी जमकर आलोचना हुई थी और इसी कारण वह परेशान हो गए थे।
हर पल पर थी नजर
ब्रूक ने कहा कि जब उनके रन नहीं निकल रहे थे तब चारों तरफ से उनकी आलोचना हो रही थी, लेकिन जैसे ही उन्होंने शतक जमाया वह अपने आलोचकों का मुंह बंदकर काफी खुश हुए थे। ब्रूक ने बीबीसी से बात करते हुए कहा, "जब मैं आईपीएल में था तब सोशल मीडिया और हर पल नजर रखी जाने वाली एक उलझन में फंस गया था। इसने मैदान के अंदर और बाहर मेरी कोई मदद नहीं की। मैंने सोशल मीडिया से दूर रहने का फैसला नहीं किया, लेकिन मैं इस पर ज्यादा सक्रिया भी नहीं रहा।"
आलोचना भी अच्छी
ब्रूक ने साथ ही इसके सकारात्मक पहलू को भी उजागर किया है और कहा कि एक तरह से देखा जाए तो जब आप पर नजरें रहती हैं तो ये अच्छी भी होता है। उन्होंने कहा, "वहीं दूसरी तरफ, मुझे लगता है कि अगर लोग आप पर नजर रख रहे हैं और मेरे गेम के बारे में उनके विचार हैं तो एक तरह से तारीफ की तरह है। मुझे पता है कि अगर लोग आपको नकार रहे हैं तो ये अच्छी चीज नहीं है, लेकिन इसका मतलब है कि लोग आप पर ध्यान देते हैं। ऐसी स्थिति में मैं उस दिन और बेहतर प्रदर्शन कर सकता हूं।"
