वैभव सूर्यवंशी से कांप रहा है आयरलैंड का नया नवेला खिलाड़ी, कहा- वो बड़ा धमाका कर सकता है
आयरलैंड के लिए पहले टी20 मैच में डेब्यू करने वाले जय मूंद्रा ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है जिसमें उनका डर भी साफ तौर पर छलका है। ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का कायल हुआ आयरिश खिलाड़ी
HighLights
वैभव सूर्यवंशी के खौफ में आयरलैंड का गेंदबाज!
पहले टी20 में डेब्यू नहीं कर सके थे वैभव सूर्यवंशी
भारत को पहले टी20 में मिली थी हार
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विश्व क्रिकेट में इस समय वैभव सूर्यवंशी के नाम की धूम है। यह बल्लेबाज अपनी तूफानी बल्लेबाजी के कारण गेंदबाजों के लिए खौफ का दूसरा नाम बन गया। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में उनके डेब्यू की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले ही आयरलैंड के एक गेंदबाज ने वैभव को लेकर अपना डर जगजाहिर किया है।
उम्मीद थी कि वैभव आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में डेब्यू करेंगे। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। आज खेले जाने वाले दूसरे टी20 में उनके खेलने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे पहले आयरलैंड के जय मूंद्रा ने वैभव को लेकर बड़ी बात कही है।
उम्र महज आंकड़ा
दूसरे टी20 मैच से पहले जय ने सोनी स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, "कहते हैं कि उम्र महज एक आंकड़ा है। वह भारतीय टीम में हैं और बहुत जल्द ही इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। हमने देखा है कि उनमें काफी प्रतिभा है। उम्र को छोड़िए, वो बहुत बड़ा धमाका भी कर सकता है। हर कोई जानता है कि वह क्या कर सकता है। हर कोई उन्हें खेलते हुए देखना चाहता है। देखते हैं कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं।"
जय भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में खेले थे जो उनका डेब्यू मैच था और उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर रिकॉर्ड बना दिया था। उन्होंने संजू सैमसन को आउट किया था। इसी के साथ वह टी20 में पहली गेंद पर विकेट लेने वाले अपने देश के दूसरे गेंदबाज बने थे।
खबरें और भी
सभी को है इंतजार
सभी को इस बात का इंतजार है कि वैभव कब इंटरनेशनल डेब्यू करेंगे। उनके लिए टीम में जगह बनाना आसान नहीं है। वैभव ओपनर हैं और अगर उनको टीम में जगह देनी है तो फिर अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन को टीम से बाहर करना होगा जो इस समय संभव नहीं दिखता है। दोनों भारत की टी20 वर्ल्ड कप-2026 जीत का अहम हिस्सा रहे हैं।
हालांकि, वैभव के इंटरनेशनल डेब्यू की मांग काफी तेजी से उठ रही है। ऐसे में टीम इंडिया में उनको जल्दी मौका मिल जाए तो हैरानी भी नहीं होनी चाहिए, लेकिन उन्हें मौका देना टीम मैनेजमेंट के लिए आसान नहीं होगा।