विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'WTC हमारा लक्ष्य', 600वें टेस्ट में शानदार जीत के बाद गदगद हुए शुभमन गिल; दूसरी पारी में लड़खड़ाने की बताई वजह

Updated: Wed, 19 Aug 2026 05:42 PM (IST)

मानव सुथार के 10 विकेट और देवदत्‍त पडिक्‍कल के शतक की बदौलत भारतीय टीम ने अपने 600वें टेस्‍ट में श्रीलंका को 165 रन से धूल चटाई।

भारतीय टीम ने जीता मैच

भारतीय टीम ने जीता मैच

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। मानव सुथार के 10 विकेट और देवदत्‍त पडिक्‍कल के शतक की बदौलत भारतीय टीम ने अपने 600वें टेस्‍ट में श्रीलंका को 165 रन से धूल चटाई। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 2 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल की। जीत के बाद कप्‍तान शुभमन गिल गदगद नजर आए।

भारत का 600वां टेस्ट, यह जीत कितनी खास है?

इस पर गिल ने कहा, "वाकई खास। हमारे लिए यह बेहद संतोषजनक जीत रही। मुझे लगता है कि हम अच्छी स्थिति में थे। लेकिन यहां आकर, मौसम की वजह से मैच हो पाएगा या नहीं, इस अनिश्चितता ने हम पर थोड़ा दबाव बना दिया था। मुझे लगता है कि टीम ने शानदार वापसी की।"

दूसरी पारी में बल्लेबाजों का लड़खड़ाना, क्या यह चिंता की बात है?

इस पर भारतीय कप्‍तान ने कहा, "सच कहूं तो, नहीं। हम अपनी तीसरी पारी में लगभग 400 रन बनाना चाहते थे। विकेट पर मनचाहे रन बनाना आसान नहीं था। हम तीसरी पारी में थोड़ा और आक्रामक खेलना चाहते थे क्योंकि हमें आखिरी पारी में उतने ओवर चाहिए थे।
हमें यह भी नहीं पता था कि चौथे और पांचवें दिन हम कितने ओवर फेंक पाएंगे। तो, यही हमारी सोच थी। इसी वजह से हमने कुछ शुरुआती विकेट गंवा दिए। मुझे लगता है कि कुल मिलाकर हम फिर भी अच्छी स्थिति में थे।"

मानव सुथार के बारे में गिल ने कहा, "उन्होंने शानदार बॉलिंग की है, चाहे वह भारत में खेला गया पहला मैच हो (अफगानिस्तान के खिलाफ) या फिर यह मैच। वह बहुत होनहार खिलाड़ी लगते हैं और ऐसे खिलाड़ी हैं जो लंबे समय तक भारत के लिए खेल सकते हैं।"

देवदत्त पडिक्कल के बारे में गिल ने कहा, "उन्हें खेलते हुए देखना शानदार था। शतक बनाना जरूरी है, लेकिन शतक बनाने के बाद भी जिस तरह से उन्होंने अपनी पारी जारी रखी और हमारे लिए एक बड़ी पारी खेली, वही एक कॉम्पिटिटिव मैच और आरामदायक स्थिति के बीच का फर्क है। दूसरी पारी में भी उनकी बैटिंग, जिस तरह से उन्होंने खेला और स्पिनरों पर हावी रहे, उसे देखना बहुत सुखद था।"

WTC के लिए यह जीत कितनी जरूरी है?

भारतीय कप्‍तान ने कहा, "निश्चित रूप से यही हमारा मुख्य लक्ष्य है, जिसके लिए हम खेल रहे हैं। और टेस्ट मैच जीतना आसान नहीं होता, और यह जीत बहुत सुखद है।"

यह भी पढ़ें- IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ गॉल में बजा भारत का डंका, पडिक्कल-सुथार सहित ये पांच खिलाड़ी बने जीत के 'महानायक'

यह भी पढ़ें- WTC 2025-27 Points Table: 600वें टेस्‍ट में भारत ने दर्ज की जीत, वर्ल्‍ड टेस्‍ट चैंपियनशिप फाइनल की उम्मीदों को दी उड़ान