'भारत तुम्हें धो डालेगा', पाकिस्तान को T20 World Cup 2026 से हटने की मिली चेतावनी
पाकिस्तान को भारत के हाथों बुरी तरह हार की शर्म से बचने के लिए टी20 वर्ल्ड कप से हटने की ...और पढ़ें

भारत बनाम पाकिस्तान
HighLights
श्रीकांत ने मजाकिया लहजे में पाक को टी20 वर्ल्ड कप से हटने की चेतावनी दी
श्रीकांत ने भारतीय टीम के मौजूदा प्रदर्शन की जमकर तारीफ की
पाकिस्तान ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी थी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कृष श्रीकांत ने सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम इंडिया के मौजूदा प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और मजाकिया अंदाज में पाकिस्तान को चेतावनी दे डाली। श्रीकांत ने कहा कि पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लेना चाहिए ताकि भारत के हाथों करारी शिकस्त से बच जाए।
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक्वी ने हाल ही में बांग्लादेश का समर्थन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी थी। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी 2026 से टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होगा।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने रविवार को गुवाहाटी में तीसरे टी20 में 154 रन का लक्ष्य 10 ओवर में दो विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 से ज्यादा रन के लक्ष्य का दूसरा सबसे तेज पीछा रहा।
श्रीकांत ने क्या कहा
भारतीय टीम ने 60 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से जीत दर्ज करके पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाई। श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'पिछले मैच में भारत ने 15 ओवर में 209 रन बनाए। इस मैच में उन्होंने 150 रन 10 ओवर में बना दिए। यह देखकर कई टीमें कह सकती हैं कि हम नहीं आ रहे हैं। आप कप रख लो।'
हे पाकिस्तान। मत आओ। आपके मोहसिन नक्वी इस बारे में बात कर चुके हैं। मत आओ। आपकी धुलाई हो जाएगी। कोलंबो में लगा छक्के वाली गेंद मद्रास में गिरेगी। ध्यान रहे। सही विकल्प होगा दूर रहना। कोई बहाना खोजो और मत आओ। यह लड़के तुम्हारी धुनाई कर देंगे। यह प्रदर्शन दुनिया में प्रत्येक क्रिकेट टीम के लिए चेतावनी जारी कर रहा है। टी20 में इस तरह का प्रहार, मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा।
कृष श्रीकांत, भारत के पूर्व कप्तान
क्या पाकिस्तान करेगा बॉयकॉट
श्रीकांत का बयान पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक्वी के बयाने के कुछ दिनों बाद आया, जहां उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए सरकार की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। नक्वी ने आईसीसी की भी आलोचना की कि वो बांग्लादेश की मांग पर सहमत नहीं हुए। बांग्लादेश ने गुजारिश की थी कि आईसीसी उसके मैच भारत के बजाय श्रीलंका में आयोजित कराए।
इन विवादों के बीच पाकिस्तान ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने स्क्वाड का एलान किया। इस तरह पाकिस्तान ने संकेत दिया कि वो टूर्नामेंट में हिस्सा लेने को तैयार है। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में जगह देने के बाद आईसीसी ने पाकिस्तान को भी गंभीर परिणाम की चेतावनी दी।
मालूम हो कि भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में हैं। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में भिड़ंत होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।