‘ICC ने कदम पीछे खींचे, पाकिस्तान उस पर निर्भर नहीं', बॉयकॉट मामले पर PCB के पूर्व अध्यक्ष ने खड़ा किया नया बखेड़ा
Najam Sethi on IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप मैच को लेकर विवाद बना हुआ है। पाकिस्तान ने पहले कोलंबो में मैच का बहिष्कार करने की ...और पढ़ें
HighLights
15 फरवरी को खेला जाएगा भारत-पाक का मैच
पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष ने आईसीसी को घेरा
आईसीसी ने पहले कदम खींचे पीछे- नजम सेठी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप मैच को लेकर चला आ रहा विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। पाकिस्तान और आईसीसी के बीच चल रही खींचतान पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ने बयान दिया है। सेठी ने कहा कि इस मामले में आईसीसी ने एक कदम पीछे लिया है, न कि पाकिस्तान ने। इसी वजह से 15 फरवरी को कोलंबो में मैच खेलने पर सहमति बनी है।
IND vs PAK मैच को लेकर क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने ये एलान किया था कि कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच का बहिष्कार करेगी, लेकिन ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ बातचीत के बाद पाकिस्तान खेलने को तैयार हो गया।
फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और पाकिस्तान खुद को सही दिखाने के लिए अलग-अलग बहाने बनाने में लगा हुआ है। पाकिस्तान ये दिखाने की कोशिश में है कि दुनिया को लगे कि आईसीसी पाकिस्तान के आगे झुका। इस पर पूर्व पीसीबी अध्यक्ष नजम सेठी के मुताबिक, पाकिस्तान नहीं बल्कि ICC पीछे हटा है।
उन्होंने 'इंडिया टुडे' से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान ने ये फैसला बहुत सोच-समझकर लिया था। उन्हें पता था कि अगर वे भारत के खिलाफ मैच नहीं भी खेलते, तो उन पर कोई बड़ा जुर्माना या प्रतिबंध नहीं लग सकता था।
खबरें और भी
सेठी ने कहा,
हमने वकीलों से सलाह ली थी। ज्यादा से ज्यादा हमारा एक अंक कटता, इससे ज्यादा कुछ नहीं होता। जब ICC को इस बात का अहसास हुआ, तब उन्होंने बातचीत शुरू की और पाकिस्तान को मनाने के लिए अपने अधिकारियों को भेजा।
नजम सेठी
‘ICC पर पैसों के लिए नहीं निर्भर PCB’
सेठी ने एक और चौंकाने वाली बात कही। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पैसों के लिए ICC पर निर्भर नहीं है। पहले पाकिस्तान को अपना खर्च चलाने के लिए ICC से मिलने वाले फंड की जरूरत होती थी, लेकिन अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) इतनी सफल हो गई है कि बोर्ड अपने पैरों पर खड़ा है। उनके अनुसार, अब पाकिस्तान को PSL से ICC से ज्यादा पैसा मिलता है।
दूसरी ओर PCB के मौजूदा चीफ मोहसिन नकवी ने दावा किया कि पाकिस्तान सरकार भारत के खिलाफ आने वाला T20 वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए तभी राजी हुई जब वे बांग्लादेश के लिए ‘इज्जत’ हासिल करने में कामयाब रहे। ICC ने ये भी एलान किया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई बैन नहीं लगेगा। उसे 2028–2031 साइकिल में एक ICC इवेंट भी दिया जाएगा।