यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोहित शर्मा ने आखिर कैसे Yashasvi Jaiswal की टीम में कराई वापसी? दिलचस्प किस्से का हुआ खुलासा
भारतीय टीम के वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल को घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेल जारी रखने पर राजी किया। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध् ...और पढ़ें

HighLights
- यशस्वी जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में गोवा से खेलने का मन बनाया
- यशस्वी जायसवाल ने कुछ महीने बाद अपने फैसले से यू-टर्न लिया
- यशस्वी जायसवाल ने मुंबई के लिए सात प्रथम-श्रेणी मैच खेले
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने खुलासा किया कि रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल को मुंबई क्रिकेट टीम के लिए खेल जारी रखने को राजी किया था। जायसवाल ने मुंबई छोड़कर गोवा से खेलने का मन बनाया था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टीम बदलने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (अनापत्ति प्रमाण पत्र) पाने के लिए गुजारिश भी की थी। हालांकि, कुछ महीने बाद 23 साल के जायसवाल ने अपने फैसले से यू-टर्न लिया और मुंबई के लिए खेल जारी रखना सही समझा।
हाल ही में अजिंक्य नाइक ने जायसवाल के मुंबई में रुकने की दिलचस्प कहानी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि भारतीय वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने युवा खिलाड़ी को मुंबई के लिए खेलना जारी रखने को कहा क्योंकि उन्हें इस टीम ने अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया, जिससे वो राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय कर सके।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: किसके कहने पर यशस्वी ने जड़ा शतक, शतकवीर ने खुद किया खुलासा; स्टेडियम की बालकनी से मिला खास संदेश
रोहित शर्मा ने क्या कहा
अजिंक्य नाइक ने मुंबई मिरर से बातचीत में कहा, 'रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल से करियर के इस पड़ाव में मुंबई में रुकने को कहा। उन्होंने यशस्वी को समझाया कि मुंबई जैसी टीम के लिए खेलना काफी गर्व और प्रतिष्ठा की बात है। मुंबई ने 42 बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीता है। रोहित ने यशस्वी से यह भी कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि मुंबई क्रिकेट के कारण ही उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला और वो आगे चलकर भारत के लिए खेले। उन्हें शहर का आभारी होना चाहिए।'
खबरें और भी
नाइक ने आगे कहा, 'मुंबई में ही यशस्वी जायसवाल ने खेलना शुरू किया और मैदानों में दमदार प्रदर्शन करके सभी उम्र समूहों की टीम में चयनित हुए।' नाइक ने बताया कि जायसवाल ने मुंबई के कई अन्य दिग्गजों से बातचीत करने के बाद अपनी एनओसी वापस ली।
मुंबई ने मानी यशस्वी की बात
नाइक ने कहा, 'रोहित और अन्य कई क्रिकेटरों से बातचीत करने के बाद यशस्वी ने मुंबई से क्रिकेट जारी रखने का फैसला किया। जायसवाल ने एक ई-मेल के जरिये एमसीए से एनओसी वापस लेने की गुजारिश की। एमसीए ने उनकी गुजारिश मान ली।'
2019 में किया डेब्यू
उत्तर प्रदेश के सूरियवान के रहने वाले जायसवाल ने मुंबई में अपनी क्रिकेट यात्रा शुरू की। उन्होंने 2019 में मुंबई के लिए अपना रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मुंबई के लिए अब तक सात फर्स्ट क्लास मैच खेले।
23 साल के यशस्वी जायसवाल हाल ही में इंग्लैंड दौरे से लौटे हैं। उन्होंने पांच मैचों में 41.10 की औसत से 411 रन बनाए, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। यशस्वी ने पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में 118 रन की मैच विजयी पारी खेली। उन्होंने भारत को सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई।