'T20 के खिलाड़ी टेस्ट खेलेंगे? क्या सोच है?' पाकिस्तानी टीम में बंपर बदलावों पर भड़के शाहिद अफरीदी; PCB को लगाई फटकार
पाकिस्तान टीम में बदलावों से परेशान होकर पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने पीसीबी पर जमकर भड़ास निकाली है। पाकिस्तान ने तीसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में सात बदलाव किए।

शाहिद अफरीदी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट जगत में इस समय पाकिस्तान की टीम मजाक का विषय बन गई है। इंग्लैंड दौरे पर लगातार दो टेस्ट गंवाने के बाद पाकिस्तान टीम में एक या दो नहीं बल्कि सात बदलाव किए गए। यही नहीं, टीम ने हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल की भी छुट्टी कर दी। मामला तब और तूल पकड़ गया जब पीसीबी के सेलेक्टर मिस्बाह उल हक ने इस्तीफा दे दिया।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टीम में हुए बंपर बदलाव पर गुस्सा जाहिर करते हुए पीसीबी पर जमकर भड़ास निकाली है। बीच सीरीज में बदलाव पर अफरीदी ने कहा कि चयन समिति ने सबसे हैरानीभरा फैसला किया।
बता दें कि पाकिस्तान ने सात रिप्लेसमेंट्स की जो घोषणा की, उसमें से पांच अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान टीम माइक हेसन की कोचिंग में तीसरा टेस्ट खेलने उतरेगी, जो बर्मिंघम में 9 सितंबर से शुरू होगा। बाबर आजम के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी टीम मौजूदा तीन मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही है।
क्या रहे नतीजे
याद दिला दें कि पाकिस्तान को लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में एक पारी और 103 रन की शिकस्त सहनी पड़ी। इसके बाद लॉर्ड्स में पाकिस्तान ने 194 रन के विशाल अंतर से मुकाबला गंवाया। मेहमान टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है और इससे पहले उसने अपनी टीम में आधा दर्जन से ज्यादा बदलाव कर दिए।
अफरीदी ने उठाए सवाल
बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट के ड्रामे से परेशान होकर शाहिद अफरीदी ने अपने मन की बात सोशल मीडिया पोस्ट पर शेयर की। उन्होंने लिखा, 'मुझे कुछ नहीं समझ आ रहा कि इस फैसले के पीछे का कारण क्या है? जो रिप्लेसमेंट्स किए गए, उसका कोई तुक ही नहीं। टी20 के खिलाड़ियों को इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज के लिए शामिल कर लिया गया।'

46 साल के अफरीदी ने आगे कहा, 'इसके पीछे की सोच क्या है? पांच टेस्ट के बाद कोच को क्यों हटा दिया गया? यह चयन समिति का सबसे हैरानीभरा फैसला है, जिसमें कई अनुभवी चयनकर्ताओं के नाम शामिल है।'
अंदर-बाहर कौन हुआ
बता दें कि पाकिस्तान ने मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक, सलमान अली आघा, अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, आमिर जमाल और मोहम्मद अवैस को घर भेज दिया। जमाल और अवैस ने तो एक भी टेस्ट नहीं खेला।
इनकी जगह पाकिस्तान ने सैम अय्यूब, अब्दुल्लाह फजल, अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बैग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह को शामिल किया। अय्यूब और फजल के अलावा पांच खिलाड़ियों के पास टेस्ट का कोई अनुभव नहीं है।
यह भी पढ़ें- 'पाकिस्तान ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड', इंग्लैंड दौरे से 7 खिलाड़ियों की घर वापसी पर रमीज राजा ने PCB को खदेड़ा
