विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mitchell Starc ने रचा इतिहास, अपने 100वें टेस्‍ट में तोड़ डाला बड़ा रिकॉर्ड; दुनिया के ऐसे पहले खिलाड़ी बने

Published: Tue, 15 Jul 2025 10:13 AM (IST)

मिचेल स्‍टार्क ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्‍ट में रिकॉर्ड्स बुक को हिलाकर रख दिया। अपना 100वां टेस्‍ट खेल रहे ...और पढ़ें

मिचेल स्‍टार्क ने पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया
मिचेल स्‍टार्क ने पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया

HighLights

  1. मिचेल स्‍टार्क ने अपने 100वें टेस्‍ट में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
  2. मिचेल स्‍टार्क 400 टेस्‍ट विकेट लेने वाले चौथे कंगारू खिलाड़ी बने
  3. ऑस्‍ट्रेलिया ने तीसरे टेस्‍ट में वेस्‍टइंडीज को 176 रन से धोया

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। ऑस्‍ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्‍टार्क ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए अपना नाम इतिहास के पन्‍नों में दर्ज कराया। जमैका की पिच बल्‍लेबाजों के लिए किसी बुरे सपने की तरह रही।

ऑस्‍ट्रेलिया की दूसरी पारी 121 रन पर ढेर हुई, लेकिन पहली पारी में मिली बढ़त के कारण उसने वेस्‍टइंडीज के सामने 204 रन का लक्ष्‍य रखा। पिच को देखकर लग चुका था कि यहां रन चेज आसान नहीं होने वाला है। फिर आई मिचेल स्‍टार्क की आंधी। उन्‍होंने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर वेस्‍टइंडीज को सदमे में डाल दिया।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपने स्‍पेल की पहली गेंद पर जॉन कैंबल को आउट कर दिया। इसी ओवर में उन्‍होंने केवलोन एंडरसन और ब्रेंडन किंग को भी चलता किया। फिर अपने तीसरे ओवर में स्‍टार्क ने मिकेल लुईस और शाई होप को आउट करके इतिहास रच दिया।

मिकेल लुईस टेस्‍ट में स्‍टार्क के 400वें शिकार बने। यह उपलब्धि उन्‍होंने अपने 100वें टेस्‍ट में हासिल की। वो टेस्‍ट इतिहास में 400 विकेट चटकाने वाले ऑस्‍ट्रेलिया के चौथे और तीसरे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बने।

यह भी पढ़ें- 27 रन पर ढेर वेस्‍टइंडीज, मिचेल स्‍टार्क का कहर और स्‍कॉट बोलैंड की हैट्रिक; जमैका में रिकॉर्ड्स की बरसात

स्‍टार्क ने बनाया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

मिचेल स्‍टार्क ने अपने घातक स्‍पेल से वर्ल्‍ड रिकॉर्ड स्‍थापित किया। स्‍टार्क सबसे कम गेंदों में एक पारी में पांच विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने केवल 15 गेंदों में पांच विकेट झटके। इससे पहले यह रिकॉर्ड तीन गेंदबाज संयुक्‍त रूप से शेयर कर रहे थे। एर्नी तोषाक, स्‍टुअर्ट ब्रॉड और स्‍कॉट बोलैंड ने 19 गेंदों में पांच विकेट चटकाए थे।

टेस्‍ट में सबसे तेज पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज
खिलाड़ी विरोधी टीम गेंदें साल
मिचेल स्‍टार्क वेस्‍टइंडीज 15 2025
एर्नी तोषाक भारत 19 1947
स्‍टुअर्ट ब्रॉड ऑस्‍ट्रेलिया 19 2015
स्‍कॉट बोलैंड इंग्‍लैंड 19 2021
शेन वॉटसन दक्षिण अफ्रीका 21 2011

19 साल बाद इतिहास दोहराया

मिचेल स्‍टार्क ने अपने स्‍पेल के पहले ओवर में तीन विकेट लेकर 19 साल बाद इतिहास दोहराया। स्‍टार्क 2002 के बाद टेस्‍ट में पहले ओवर में तीन विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। स्‍टार्क से पहले 2006 में इरफान पठान ने पारी के पहले ओवर में तीन विकेट झटके थे। उन्‍होंने पाकिस्‍तान के खिलाफ कराची टेस्‍ट में हैट्रिक ली थी।

स्‍टार्क बने नंबर-2

स्‍टार्क ने टेस्‍ट में 400 विकेट पूरे करने के लिए 19062 गेंदें फेंकी। वो सबसे तेज 400 टेस्‍ट विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्‍टेन के नाम अब भी यह रिकॉर्ड दर्ज है, जिन्‍होंने 16634 गेंदों में 400 विकेट पूरे किए थे।

मुरली का रिकॉर्ड ध्‍वस्‍त

मिचेल स्‍टार्क ने केवल 9 रन देकर छह विकेट चटकाए। वो 100वें टेस्‍ट में सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। कंगारू गेंदबाज ने श्रीलंका के पूर्व दिग्‍गज ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्‍होंने 2006 में बांग्‍लादेश के खिलाफ 54 रन देकर छह विकेट चटकाए थे।

यह भी पढ़ें- WI vs AUS 2nd Test: घर में ही ढेर हुई वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया ने 133 रन से रौंदकर सीरीज पर किया कब्जा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।