विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs NZ: रोहित शर्मा बने टीम इंडिया के नए 'सिक्सर किंग', तोड़ डाला MS Dhoni का बड़ा रिकॉर्ड

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Updated: Wed, 18 Jan 2023 02:32 PM (IST)

Rohit Sharma six record भारतीय टीम के कप्‍तान रोहित शर्मा ने न्‍यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में इतिहास रच दिया है। रोहित शर्मा भारत में वनडे इतिहास में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। रोहित शर्मा ने पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा।

IND vs NZ 1st Odi: रोहित शर्मा ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड
IND vs NZ 1st Odi: रोहित शर्मा ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच बुधवार को तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट स्‍टेडियम पर खेला जा रहा है। भारतीय कप्‍तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया। कप्‍तान रोहित शर्मा ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर छक्‍का जमाकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया।

बता दें कि हेनरी शिपले न्‍यूजीलैंड के लिए पारी का तीसरा ओवर कर रहे थे। रोहित शर्मा ने ओवर की आखिरी गेंद पर कवर्स के ऊपर से छक्‍का जमाकर इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा भारत में वनडे इतिहास में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने खबर लिखे जाने तक अपनी पारी में दो छक्‍के जमाए और इस तरह भारत में उनके छक्‍के जमाने की संख्‍या 125 हो गई है।

भारतीय कप्‍तान रोहित शर्मा ने इसी के साथ एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। पहला छक्‍का जड़ते ही रोहित शर्मा भारत में वनडे इतिहास में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने वाले बल्‍लेबाज बने। एमएस धोनी ने भारत में वनडे इतिहास में 123 छक्‍के लगाए हैं। इस लिस्‍ट में तीसरे स्‍थान पर महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर काबिज हैं, जिन्‍होंने 71 छक्‍के लगाए हैं।

भारत में वनडे में सबसे ज्‍यादा छक्‍के लगाने वाले बल्‍लेबाज

  • 125* - रोहित शर्मा
  • 123 - एमएस धोनी
  • 71 - सचिन तेंदुलकर

बता दें कि रोहित शर्मा न्‍यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हुए। भारतीय कप्‍तान 38 गेंदों में चार चौके और दो छक्‍के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। टिकनर ने उन्‍हें मिचेल के हाथों कैच आउट कराया।

बहरहाल, रोहित शर्मा वनडे इतिहास में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने के मामले में चौथे स्‍थान पर काबिज हैं। वनडे इतिहास में रोहित शर्मा ने 239 मैचों में 265 छक्‍के जमाए हैं। पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान शाहिद अफरीदी वनडे इतिहास में सबसे ज्‍यादा छक्‍के जमाने वाले बल्‍लेबाज हैं। अफरीदी ने 398 मैचों में 351 छक्‍के जमाए हैं। वेस्‍टइंडीज के क्रिस गेल इस लिस्‍ट में दूसरे स्‍थान पर काबिज हैं। गेल ने 301 मैचों में 331 छक्‍के जड़े हैं। श्रीलंका के पूर्व कप्‍तान सनथ जयसूर्या 445 मैचों में 270 छक्‍के के साथ इस लिस्‍ट में तीसरे स्‍थान पर जमे हुए हैं।

यह भी पढ़ें: राहुल-पंत की गैरमौजूदगी में इस विकेटकीपर को मिलेगी प्लेइंग-XI में जगह, Rohit Sharma ने किया खुलासा

यह भी पढ़ें: ICC टूर्नामेंट में क्यों फ्लॉप हो रही है टीम इंडिया? Robin Uthappa ने बताई बड़ी वजह