AB de Villiers और युवराज सिंह करेंगे चौके-छक्के की बरसात, मशहूर टी20 लीग के कार्यक्रम की हुई घोषणा
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स की शुरुआत 3 अक्टूबर को होगी और फाइनल 18 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा। एबी डीविलियर्स और युवराज सिंह जैसे दिग्गज इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगे।

साउथ अफ्रीका दूसरे सीजन का चैंपियन है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वर्ल्ड चैंपियनशिप्स ऑफ लीजेंड्स (WCL), जिसे दुनिया में सबसे ज्यादा देखे जाने वाली दूसरी क्रिकेट लीग माना गया, उसकी वापसी 3 अक्टूबर को होने जा रही है। डब्ल्यूसीएल का फाइनल 18 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा।
डब्ल्यूसीएल 2026 के तीसरे सीजन में ज्यादा दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे। तीसरे सीजन के लिए बांग्लादेश चैंपियंस भी टूर्नामेंट में शामिल हो गई है। भारत चैंपियंस ने पहला सीजन जीता था जबकि साउथ अफ्रीका चैंपियंस दूसरे सीजन की चैंपियन बनी थी। भारत और साउथ अफ्रीका दोनों ने फाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस को मात दी थी।
सितारों की फौज
डब्ल्यूसीएल के तीसरे सीजन में कई दिग्गज खिलाड़ी अपनी टीम को मजबूती प्रदान करते हुए नजर आएंगे। युवराज सिंह, एबी डीविलियर्स, ड्वेन ब्रावो, शाहिद अफरीदी और मोइन अली इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगे। वहीं, डेविड वॉर्नर और मोहम्मद महमूदुल्लाह भी आगामी सीजन में अपनी टीम को मजबूती प्रदान करेंगे।
विशेष होगा आगामी सीजन
वर्ल्ड चैंपियनशिप्स ऑफ लीजेंड्स के संस्थापक और सीईओ हर्षित तोमर ने कहा, 'सीजन तीन बहुत विशेष होगा। हम लंदन के बाहर जाएंगे और अपने सभी फैंस को सरप्राइज देंगे। हमने क्रिकेट के बड़े नामों को लाने का वादा किया है। सीजन तीन के लिए फैंस ने बड़े सितारों के नाम पर विचार जरूर किया होगा, हम उनकी उम्मीदों को मजबूत करेंगे।'
आगे और होगी घोषणा
बता दें कि डब्ल्यूसीएल के सीजन तीन के लिए और भी दिग्गज खिलाड़ियों को जोड़ा जाएगा, जिनके नाम की घोषणा समय-समय पर होती रहेगी। 3 अक्टूबर 2026 से फैंस को भरपूर मनोरंजन देने की डब्ल्यूसीएल की कोशिश रहेगी।
