अर्जुन तेंदुलकर के छक्के से स्टैंड्स में घायल हुआ छोटा बच्चा, फिर मैच खत्म होते ही जो किया; उसने जीता सभी का दिल - VIDEO
अर्जुन तेंदुलकर ने टी20 मुंबई लीग 2026 में बल्ले और गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया। इस दौरान एक बच्चा घायल हो गया और फिर उन्होंने जो किया उसने सभी का दिल जीत लिया।

अर्जुन तेंदलुकर
HighLights
अर्जुन तेंदुलकर ने टी20 मुंबई में किया शानदार प्रदर्शन
आईपीएल में सिर्फ एक मैच खेले थे अर्जुन
अर्जुन के छक्के से घायल हुआ छोटा बच्चा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदलुकर ने टी20 मुंबई लीग 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मुकाबले में हरफनमौला खेल दिखाया और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के दौरान अर्जुन ने जब एक छक्का लगाया, तो वो गेंद स्टैंड में बैठे एक बच्चे को लग गई थी। इसके बाद अर्जुन नो जो किया उसने सभी का दिल जीत लिया।
अर्जुन आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उन्हें सिर्फ एक मैच में खेलने का मौका मिला था। इसके बाद वे टी20 मुंबई में खेलने चले गए और वहां पर अपनी उपयोगिता साबित की। अर्जुन ने गेंद के साथ तीन विकेट लिए, जबकि बल्ले से 66 रन बनाए।
अर्जुन तेंदुलकर ने जीता दिल
मैच के दौरान अर्जुन का एक जोरदार छक्का स्टैंड्स में जा गिरा और एक छोटे बच्चे के सिर पर लग गया। बच्चा काफी दर्द में था और मैच खत्म होने के बाद भी उसके सिर पर आइस पैक लगाया हुआ था। मैच खत्म होते ही अर्जुन सीधे उस छोटे फैन के पास पहुंचे।
उन्होंने मैच की गेंद पर ऑटोग्राफ किया, बच्चे को गेंद गिफ्ट कर दी, उसके सिर पर प्यार से हाथ फेरा और मुस्कुराते हुए बात की। उस पल में बच्चे का दर्द खुशी में बदल गया। यह देखकर लोग भावुक हो गए और कई लोगों को अर्जुन के पिता सचिन तेंदुलकर की अच्छी परंपरा याद आ गई।
अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंड जलवा
यह घटना उसी दिन हुई जब अर्जुन ने वानखेड़े स्टेडियम में नुवामा प्राइवेट टी20 मुंबई लीग 2026 के मैच में आर्क्स अंधेरी की तरफ से कमाल का प्रदर्शन किया। टीम ने बंद्रा ब्लास्टर्स को 9 विकेट से हरा दिया। अर्जुन पहले गेंदबाजी में चमके। उन्होंने सिर्फ 3 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए, जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत बंद्रा ब्लास्टर्स 144 रन पर सिमट गई।
जवाब में 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्क्स अंधेरी ने शुरुआती झटका झेला, लेकिन अर्जुन और मुशीर खान ने मिलकर कमाल कर दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 116 रनों की अटूट साझेदारी की। अर्जुन 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाकर लौटे, जबकि मुशीर खान 38 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे। टीम ने महज 13.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 37 गेंदें शेष रखते हुए आसान जीत दर्ज की।

