यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IND vs WI: कब सुधरेंगे Arshdeep Singh! पीछा नहीं छोड़ रहा 19वें ओवर का भूत, 3rd T20I में भी लुटाए दिल खोलकर रन
अर्शदीप सिंह ने एकबार फिर पारी के 19वें ओवर में दिल खोलकर रन लुटाए। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे तीसरे टी-20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते ...और पढ़ें

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का 19वें ओवर का भूत पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में भी अर्शदीप ने 19वें ओवर में जमकर रन लुटाए। इंडियन फास्ट बॉलर एकबार फिर अपनी लाइन एंड लेंथ से भटका हुआ नजर आया और उन्होंने दो वाइड समेत कुल 17 रन खर्च कर दिए।
19वें ओवर में अर्शदीप की हुई फिर धुनाई
वेस्टइंडीज पारी का 19वां ओवर फेंकने आए अर्शदीप सिंह का स्वागत रोवमैन पॉवेल ने जोरदार छक्के के साथ किया। इसके बाद अगली बॉल पर दो रन बने। शुरुआती दो गेंदों पर 8 रन बनने के बाद अर्शदीप दबाव में दिखाई दिए और उन्होंने अगली बॉल वाइड फेंकी। ओवर की तीसरी गेंद पर पॉवेल के बल्ले से एक और छक्का निकला। इसके बाद अगली तीन गेंदों पर अर्शदीप ने 2 रन खर्च किए। इस तरह से कैरेबियाई पारी के 19वें और अर्शदीप के तीसरे ओवर में कुल 17 रन बने, जिसके बूते वेस्टइंडीज की टीम स्कोर बोर्ड पर 159 रन लगाने में सफल रही।
19वां ओवर बना अर्शदीप की कमजोरी
अर्शदीप पिछले काफी समय से 19वें ओवर में रनों पर लगाम लगाने में बुरी तरह से नाकाम रहे हैं। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका सीरीज में भी अर्शदीप की 19वें ओवर में जमकर धुनाई हुई थी, तो श्रीलंका के खिलाफ भी भारतीय फास्ट बॉलर इस ओवर में रनों पर लगाम नहीं लगा सका था। वहीं, पहले टी-20 मैच में भी 19वें ओवर में अर्शदीप ने एक के बाद एक चार वाइड फेंकी थी।
महंगे साबित हुए अर्शदीप
अर्शदीप सिंह तीसरे टी-20 मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए। भारतीय तेज गेंदबाज अपने कोटे के चार ओवर भी नहीं फेंक सका और उन्होंने 3 ओवर में दिल खोलकर 33 रन लुटाए। अर्शदीप तीसरे टी-20 में एक भी विकेट नहीं निकाल सके।