15 साल में पहली बार इस देश के दौरे पर वनडे सीरीज खेलने जाएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम, फैंस का इंतजार भी होगा खत्म
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम बीते 15 साल से एक देश में वनडे सीरीज नहीं खेली है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस सूखे को खत्म करने का फैसला किया है और साथ ही नए ...और पढ़ें
HighLights
15 साल का सूखा खत्म करने को तैयार ऑस्ट्रेलियाई टीम
वनडे सीरीज के साथ खेलेगी टी20 सीरीज भी
जून में होंगी दोनों सीरीज
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम इस साल जून में 15 साल का सूखा खत्म करने वाली है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को इस बात पर मुहर लगा दी है। छह बार की वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन ने एक देश में बीते 15 साल से वनडे सीरीज नहीं खेली है और अब फैसला किया गया है कि इस सूखे को खत्म किया जाए। ये देश बांग्लादेश है जहां जून में ऑस्ट्रेलियाई टीम दौरे पर जाएगी।
बीते 15 साल से ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज नहीं खेली है। ऐसे में उसका ये दौरा ऐतिहासिक होगा जो लड़खड़ाते बांग्लादेश क्रिकेट में नई जान फूंक सकता है। वनडे के अलावा ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज भी खेलेगी।
कुल छह मैच होंगे
ऑस्ट्रेलियाई बांग्लादेश के दौरे पर कुल छह मैच खेलेगी जिसमें से तीन वनडे और तीन टी20 मैच शामिल हैं। इस दौरे के लिए नए ब्रॉडकास्ट राइट्स का भी करार किया गया है और इसी कारण साल 2011 के बाद से पहली बार बांग्लादेश दौरे का ऑस्ट्रेलिया में सीधा प्रसारण हो सकेगा। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों को बांग्लादेश में होने वाले अपने मैचों को देखने का मौका नहीं मिलता था।
ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान से बांग्लादेश के लिए रवाना होगी। पाकिस्तान में तीन मैचों की सीरीज खेली जानी है जिसकी शुरुआत 30 मई से होने की संभावना है। हालांकि, इसका शेड्यूल सामने नहीं आया है।
ऐसा है बांग्लादेश दौरे का शेड्यूल
जहां तक ऑस्ट्रेलिया के बांग्लादेश दौरे की बात है तो इसकी शुरुआत तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी। पहला वनडे नौ जून को खेला जाएगा। वहीं दूसरा वनडे 11 और तीसरा वनडे 14 जून को खेला जाएगा। ये तीनों मैच ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जाएंगे। वहीं टी20 सीरीज की शुरुआत 17 जून से होगी। दूसरा और तीसरा मैच 19 और 21 जून को खेला जाएगा। ये मैच चटोग्राम के मतिउर रहमान स्टेडियम में खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा है कि इस महीने की शुरुआत में ब्रिस्बेन में सीमित ओवरों की टीम के उन खिलाड़ियों का कैम्प होगा जो इस समय ऑस्ट्रेलिया में हैं और आईपीएल नहीं खेल रहे हैं। आईपीएल का फाइनल 31 मई को होगा और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज की शुरुआत संभवतः 30 मई से हो सकती है। ऐसे में देखना होगा कि आईपीएल खेलने वाले कितने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पाकिस्तान दौरे पर चुने जाते हैं।