विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

DC VS LSG: आशुतोष-विपराज ने लखनऊ के मुंह से छीनी जीत, आखिरी पांच ओवरों में पलट दी हारी हुई बाजी, पंत हुए मायूस

Published: Mon, 24 Mar 2025 11:22 PM (IST)

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल-2025 की शुरुआत जीत के साथ की है। आशुतोष शर्मा ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन ...और पढ़ें

दिल्ली ने आईपीएल-2025 के अपने पहले मैच में लखनऊ को दी मात
दिल्ली ने आईपीएल-2025 के अपने पहले मैच में लखनऊ को दी मात

HighLights

  1. DC vs LSG: दिल्ली ने लखनऊ के जबड़े से छीनी जीत
  2. DC vs LSG: मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने खेली तूफानी पारी
  3. DC vs LSG: इम्पैक्ट प्लेयर आशुतोष शर्मा ने बल्ले पलटी बाजी

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आशुतोष शर्मा और विपराज निगम ने हैरतअंगेज बल्लेबाजी करते हुए सोमवार को लखनऊ सुपरजायंट्स के मुंह से जीत छीन दिल्ली कैपिटल्स को दे दी। इन दोनों की तूफानी पारियों के दम पर दिल्ली ने आईपीएल-2025 के अपने पहले मैच में लखनऊ को 1 विकेट से हरा दिया।

दिल्ली को जीत के लिए 210 रन चाहिए थे। उसने अपने पांच विकेट 65 रनों पर ही खो दिए थे। ट्रिस्टन स्टब्स ने कुछ लड़ाई लड़ी। हालांकि वह 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर 113 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। यहां से आशुतोष और विपराज ने जो अटैकिंग बैटिंग की है उसने सभी को हैरान कर दिया और दिल्ली को वहां से जीत दिलाई जहां से किसी को उम्मीद नहीं थी। ये दिल्ली की लखनऊ के खिलाफ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत है। 

लखनऊ के लिए निकोलस पूरन ने 30 गेंदों पर 75 रनों की तूफानी पारी खेली जिसमें छह चौके और सात छक्के शामिल रहे। उनके अलावा मिचेल मार्श ने 36 गेंदों पर 72 रनों की पारी खेली जिसमें छह चौके और इतने ही छक्के जड़े। दिल्ली के लिए कोई भी मार्श और पूरन वाला काम नहीं कर सका।

यह भी पढे़ं- IPL के भी ‘लॉर्ड’ साबित हुए Shardul Thakur, ऑक्‍शन में नहीं बिके तो मोहसिन की चोट बनी वरदान, पहले मैच में गेंद से काटा गदर

नहीं मिली अच्छी शुरुआत

दिल्ली के पास जैक फ्रेसर मैक्गर्क और फाफ डु प्लेसी की सलामी जोड़ी है। ये दोनों अपनी तूफानी बैटिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन शार्दुल ठाकुर ने दिल्ली का पूरा गेम बिगाड़ दिया। नीलामी में ठाकुर को किसी ने नहीं खरीदा था। मोहसिन खान के चोटिल होने के बाद वह टीम में आए और इस मैच में खेले। पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने मैक्गर्क (1) को बड़ोनी के हाथों में कैच कराया। इसके बाद उन्होंने अभिषेक पोरेल को पवेलियन की राह दिखाई। वह खाता तक नहीं खोल सके। समीर रिजवी को एम सिद्धार्थ ने अपना शिकार बनाया और दिल्ली को तीसरा झटका दिया।

अक्षर और डुप्लेसी भी फेल

उम्मीद अब डुप्लेसी और कप्तान अक्षर से थी। दोनों ने कुछ अच्छे शॉट्स मार उम्मीद भी जगाई। ज्यादा तेजी दिखाने के चक्कर में अक्षर, दिग्वेश राठी का शिकार बने। अक्षर ने 11 गेंदों पर 22 रन बनाए जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा। रवि बिश्नोई ने डुप्लेसी को डेविड मिलर के हाथों कैच करा दिल्ली तो पांचवां झटका दिया। डुप्लेसी ने 18 गेंदों पर 29 रन बनाए।

ट्रिस्टन स्टब्स आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को रास्ते पर लाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ज्यादा आगे नहीं जा सके। सिद्धार्थ की गेंद ने उनके डंडे उड़ा दिए। स्टब्स ने 22 गेंदों पर 34 रन बनाए।

आशुतोष और विपराज निगम ने बांधा

दिल्ली की टीम ने अभी भी हार नहीं मानी थी। आशुतोष शर्मा और विपराज निगम तेजी से रन बना टीम को जीत दिलाने की कोशिश में लगे हुए थे। इन दोनों ने 22 गेंदों पर 55 रन जोड़े। तभी 16वें ओवर के बाद टाइम आउट हुआ और इसके बाद पहली गेंद पर विपराज गलत शॉट खेल दिग्वेश का शिकार बने। उन्होंने 15 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाए।

18वें ओवर की पहली गेंद पर बिश्नोई ने स्टार्क को आउट कर दिल्ली को आठवां झटका दिया। आशुतोष ने 18वें ओवर की आखिरी तीन गेंद पर छक्का, चौका और छक्का मार एक बार फिर दिल्ली को मैच में ला दिया। आखिरी दो ओवरों में दिल्ली को जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। कुलदीप 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका मार तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए। चौथी गेंद पर दो रन लेकर आशुतोष ने अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर आशुतोष ने छक्का मार अपनी टीम को जीत दिलाई।

आशुतोष ने 31 गेंदों पर नाबाद 66 रनों की पारी खेली जिसमें पांच चौके और इतने ही छक्के मारे। 

लखनऊ का तूफान

इससे पहले, पहली पारी खेलने उतरी लखनऊ ने विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में तूफान ला दिया। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की जोड़ी ने टीम को तेज शुरुआत दी। पहले विकेट के लिए दोनों ने 46 रन जोड़े। विपराज निगम ने मार्करम को आउट कर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने 15 रन बनाए। इसके बाद आया असली तूफान।

मार्श और पूरन ने फिर दिल्ली के गेंदबाजों की अच्छे से खबर ली। मार्श ने 21 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों ने टीम का स्कोर 133 रनों तक पहुंचा दिया। मुकेश कुमार ने मार्श को 12वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट कर लखनऊ को दूसरा झटका दिया। उनके बाद आए कप्तान पंत खाता तक नहीं खोल सके।

हालांकि, पूरन एक छोर से मार रहे थे और लग रहा था कि लखनऊ आसानी से 230 के पार जाएगी। पूरन को मिचेल स्टार्क ने 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बोल्ड कर लखनऊ को चौथा झटका दिया। यहां से फिर दिल्ली ने वापसी की।

मिलर ने पहुंचाया 200 पार

दिल्ली ने फिर बडोनी (4), ठाकुर (0), शाहबाज अहमद (9) के विकेट जल्दी खो लिए और यहां लगने लगा कि लखनऊ अब 200 के पार भी नहीं जा पाएगी। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर रवि बिश्नोई भी आउट हो गए और उनके रूप में लखनऊ ने अपना आठवां विकेट खोया। आखिरी ओवर में डेविड मिलर ने दो छक्के मार टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

दिल्ली के लिए स्टार्क ने तीन विकेट लिए। कुलदीप के हिस्से दो विकेट आए। निगम और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।

यह भी पढे़ं- Rishabh Pant: 27 करोड़ की हवाबाजी कुलदीप यादव के सामने छूमंतर, दिल्‍ली के खिलाफ खाता तक नहीं खोल सके पंत- VIDEO

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।