Duleep Trophy 2026: फाइनल में ईस्ट जोन का सामना साउथ जोन से, वैभव सूर्यवंशी पर होगी नजर
ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच रविवार से शुरू होने वाले दलीप ट्राफी के फाइनल में सभी की नजर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर होंगी।
-1788618916644_m.webp)
वैभव सूर्यवंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, चेन्नई। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, देवदत्त पडिक्कल और तिलक वर्मा ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच रविवार से शुरू होने वाले दलीप ट्राफी के फाइनल में लाल गेंद क्रिकेट में अपने हाल के प्रदर्शन को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की निगाह लय हासिल करने पर होगी।
पडिक्कल को साई सुदर्शन के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम में जो मौका मिला, उसका उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज में भरपूर फायदा उठाया। कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने दो टेस्ट मैचों में दो शतक लगाए और उन्हें सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
दलीप ट्राफी के फाइनल में दक्षिण क्षेत्र की तरफ से खेलते हुए वह इस प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे। पडिक्कल अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो इससे निश्चित रूप से उनकी टीम को 2023 के बाद खिताब वापस जीतने में मदद मिलेगी। इससे वह तीसरे नंबर पर अपना दावा और मजबूत करना चाहेंगे।
तिलक का गरज रहा है बल्ला
वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा दोनों ही फिलहाल भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं है। लेकिन भारत के टी-20 उप-कप्तान तिलक ने हाल ही में बेंगलुरु में उत्तर क्षेत्र के विरुद्ध सेमीफाइनल में शतक और अर्धशतक बनाकर टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए अपना दावा पेश किया। इसके बाद उन्होंने खुलकर कहा कि उनका लक्ष्य टेस्ट टीम में जगह बनाना है।
पूर्वी क्षेत्र से खेलने वाले सूर्यवंशी ने मध्य क्षेत्र के विरुद्ध सेमीफाइनल में 92 और 40 रन बनाकर यह साबित कर दिया कि वह परिस्थितियों के अनुसार अपना खेल खेलने में माहिर हैं और उन्हें केवल सीमित ओवर के प्रारूपों तक ही सीमित नहीं माना जाना चाहिए। अगर वह फाइनल में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उनकी सभी प्रारूप में खेलने की संभावना बढ़ जाएगी।
सर्वश्रेष्ठ फार्म में आना होगा
अनुभवी तेज गेंदबाज सिराज को न्यूजीलैंड के आगामी दौरे से पहले अपनी सर्वश्रेष्ठ फार्म में आना होगा। वह दक्षिण क्षेत्र की टीम में चोटिल तेज गेंदबाज विदवत कावेरप्पा की जगह ले सकते हैं। सिराज श्रीलंका के विरुद्ध दो मैच की सीरीज में प्रभाव नहीं छोड़ पाए और वह किसी भी समय लय में नहीं दिखे।
उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सिराज को अपनी लय वापस पाने की जरूरत है। इशान किशन पूर्व क्षेत्र की कप्तानी करेंगे और अगले सप्ताह अफगानिस्तान के विरुद्ध टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल होने से पहले वह कुछ रन बनाने के लिए उत्सुक होंगे।
शमी खेलेंगे 100वां प्रथम श्रेणी मैच
अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी का यहां 100वां प्रथम श्रेणी मैच होगा जो एक तेज गेंदबाज के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। वह राष्ट्रीय टीम में वापसी की कोशिश में लगे हैं और वह यहां अच्छा प्रदर्शन करके अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। भारत के लिए उन्होंने अपना आखिरी मैच मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के रूप में खेला था।
फाइनल में नहीं खेलेंगे राहुल
भारत के टेस्ट उप-कप्तान केएल राहुल 2026 दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में नहीं खेलेंगे। दक्षिण क्षेत्र के कप्तान तिलक वर्मा ने इसकी पुष्टि की है। बीसीसीआइ ने राहुल से भारत के प्रमुख जोनल लाल गेंट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में दक्षिण क्षेत्र की ओर से खेलने के लिए कहा था।
राहुल के अलावा बीसीसीआई ने देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज को भी दलीप ट्रॉफी फाइनल में खेलने के लिए कहा था। दोनों खिलाड़ी दक्षिण क्षेत्र की ओर से खिताबी मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।
साउथ जोन टीम
तिलक वर्मा (कप्तान), रिकी भुई (उप-कप्तान और विकेटकीपर), एसके रशीद, के साई तेजा, टी विजय, अभिनव तेजराना, के हिमतेजा, टी त्यागराजन, आर स्मरण, करुण नायर, श्रेयस गोपाल, विदवथ कावेरप्पा, एमडी निधीश, एन जगदीसन, अमन खान, देवदत्त पडिक्कल, मोहम्मद सिराज।
ईस्ट जोन टीम
ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), डेनिश दास, अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल राय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार।
पूर्व क्षेत्र बनाम दक्षिण क्षेत्र
- स्थान: चेन्नई
- समय: सुबह 9.30 बजे से
- प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क/जियो हाटस्टार
यह भी पढ़ें- 'उम्र महज एक आंकड़ा', ईशान किशन को 'भूखे' Mohammed Shami की भारतीय टीम में वापसी का विश्वास
यह भी पढ़ें- 'मेरी पत्नी भी देखती है...', Vaibhav Sooryavanshi ने क्रिकेट को दोबारा बनाया रोमांचक; पूर्व कप्तान ने जमकर की तारीफ
