8 साल तक रहा टीम इंडिया की शान, फिक्सिंग स्कैंडल से हुआ करियर बर्बाद; फिर फिल्मों में भी किया काम पर रहा नाकाम
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेला चुका ये क्रिकेटर फिक्सिंग में फंस चुका था और फिर इसने फिल्मों का रुख किया। हालांकि, फिल्मों में उनकी दाल ज्यादा नहीं गली।

टीम इंडिया के खेल चुका है यह क्रिकेटर
HighLights
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 8 साल खेला
तीन वर्ल्ड कप में रहा टीम इंडिया का हिस्सा
फिल्मों में भी कर चुका है काम
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट ने एक काला दौर देखा था। बात साल 2000 की है जब मोहम्मद अजहरुद्दीन टीम के कप्तान हुआ करते थे। तभी भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई सीरीज में फिक्सिंग की खबरें सामने आईं और लगातार परतें खुलती चली गईं और कई क्रिकेटर इसकी जद में आए। उनमें से ही एक थे अजय जडेजा।
लंबे समय तक भारतीय टीम के उपकप्तान और कई मौकों पर कप्तानी करने वाले जडेजा उस समय भारत के मशहूर क्रिकेटर थे, लेकिन फिक्सिंग में उनका नाम आने के बाद उनका करियर बर्बाद हो गया था। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग भी की थी। हालांकि, इसमें सफल नहीं हो सके। हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन' में आज कहानी अजय जडेजा की।
दमदार क्रिकेटरों में होती थी गिनती
अजय जडेजा भारत के दमदार बल्लेबाजों में गिने जाते थे। ऐसे बल्लेबाज जिन पर देश भरोसा कर सकता था। अजय जडेजा साल 1992 में भारत के लिए डेब्यू कर चुके थे। वह भारत के लिए तीन वर्ल्ड कप खेले और 1996 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी पारी कोई नहीं भूल सकता जिसमें उन्होंने वकार यूनिस की अंतिम ओवरों में जमकर धुनाई की थी। भारत के लिए 196 वनडे और 15 टेस्ट मैच खेल चुके जडेजा का करियर उस समय दांव पर लग गया जब उनका नाम साल 2000 में फिक्सिंग में आया। उन पर पांच साल का बैन लगाया गया। हालांकि, 2003 में दिल्ली हाई कोर्ट ने उनके ऊपर से बैन हटा दिया और उनका क्रिकेट में वापसी का रास्ता साफ हुआ।
इसके बाद वह कभी टीम इंडिया में तो वापस नहीं आ सके, लेकिन घरेलू क्रिकेट खेलते रहे। वह अपने करियर के अंतिम दौर में हरियाणा के कप्तान रहे और जब भारत के मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपना आखिरी रणजी ट्रॉफी मैच खेला था तो उस मैच में जडेजा हरियाणा टीम की कप्तानी कर रहे थे।
सुनील शेट्टी और सेलिना जेटली के साथ किया काम
जडेजा का क्रिकेट करियर जब दांव पर था तब उन्होंने दूसरे करियर विकल्पों के बारे में सोचा जिसमें से एक्टिंग एक था। वह साल 2003 में आई फिल्म 'खेल' में दिखे और अपना एक्टिंग डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ सुनील शेट्टी, सनी देओल और सेलिना जेटली थीं। हालांकि, यह फिल्म पर्दे पर बुरी तरह से फ्लॉप रही और जडेजा की एक्टिंग भी। इसके बाद जडेजा को अपनी अगली फिल्म साल 2009 में मिली और ये फिल्म थी 'पल पल दिल के साथ'। इस फिल्म में उनके साथ माही गिल, सतीश शाह जैसे कलाकार थे।
यह भी पढ़ें- बनना चाहता था क्रिकेटर बन गया रग्बी प्लेयर, टीम इंडिया का रहा कप्तान; फिल्मों में भी कमाया नाम
इसके अलावा जडेजा डांस रियालिटी शो 'झलक दिखला जा' के पहले सीजन में भी नजर आए थे। सुशांत सिंह की मशहूर फिल्म 'काई पो छे' में जडेजा ने एक छोटा कैमियो भी निभाया था। महज कुछ ही फिल्मों में जडेजा का एक्टिंग करियर समाप्त हो गया और इस समय वह कमेंटेटर, कोच की भूमिका में नजर आते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।