वैष्णवी शर्मा ने वनडे रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, प्रतिका रावल को भी हुआ बड़ा फायदा
जिंबाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में 53 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है और 94वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

प्रतिका रावल-वैष्णवी शर्मा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा को जिंबाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने का इनाम मिला है। वैष्णवी ने जिंबाब्वे महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पांच विकेट हॉल लिया था और उन्हें आईसीसी की वनडे रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है। उनके अलावा प्रतिका रावल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था, जिसकी वजह से उन्होंने भी ताजा रैंकिंग में छलांग लगाई है।
सबसे लंबी छलांग वैष्णवी ने लगाई है, जिन्होंने 53 पायदान की छलांग लगाई है। हाल ही में भारत और जिंबाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जहां स्मृति मंधाना पहली बार नियमित कप्तान के तौर खेलती दिखीं। टीम इंडिया ने इस सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था। इस सीरीज में वैष्णवी ने शानदार प्रदर्शन किया और अब आईसीसी से भी उन्हें इसका इनाम मिला है।
वैष्णवी शर्मा को मिला बड़ा फायदा
शर्मा को पहले मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। वैष्णवी ने इसी मुकाबले में अपने वनडे करियर का पहला विकेट लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार विकेट हासिल किए। दूसरे मुकाबले में उन्होंने और बेहतर प्रदर्शन किया और पांच विकेट हासिल किए। इसी के साथ वैष्णवी ने एक रिकॉर्ड भी बनाया। वे सबसे कम उम्र में वनडे में भारत के लिए पांच विकेट हॉल लेने वाली दूसरी गेंदबाज बनीं। इसी के साथ उन्होंने 53 पायदान की छलांग लगाते हुए 94वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
प्रतिका रावल को भी फायदा
भारत की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने वनडे सीरीज में कमाल का खेल दिखाया। उन्होंने पहले मैच में शतक लगाया, जबकि अगले दोनों मैचों में रावल के बल्ले से अर्धशतक निकले। इसी के साथ उन्हें ताजा वनडे रैंकिंग में तीन पायदान का फायदा हुआ है। प्रतिका अब 18वें नंबर पर पहुंच गई हैं। उनके अलावा गेंदबाजी में सयाली सतघरे को भी फायदा मिला है। उन्होंने ताजा रैंकिंग में 18 पायदान की छलांग लगाई है और 85वें नंबर पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा को भी फायदा हुआ है, उन्होंने आठ पायदान की छलांग लगाई है और 65वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।