IND vs ENG Preview: आयरलैंड की हार भूलकर लड़नी होगी इंग्लैंड की लड़ाई, वैभव सूर्यवंशी का होगा डेब्यू!
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच आज चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाना है। टीम इंडिया आयरलैंड के खिलाफ हार को भुलाकर मैदान पर उतरना चाहेगी। वैभव सूर ...और पढ़ें

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड पहला T20I

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, चेस्टर ली स्ट्रीट। हाल ही में आयरलैंड से टी-20 सीरीज में करारी हार के बाद नए कप्तान श्रेयस अय्यर की एक और कड़ी परीक्षा की घड़ी जल्द ही आ गई है। भारतीय टीम इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत बुधवार को चेस्टर ली स्ट्रीट में पहले मुकाबले से करेगी।
भारत की मुश्किल विकेटों पर बल्लेबाजी की कमजोरियां के साथ इस सीरीज का आगाज होने जा रहा है। भारत के सहायक कोच रयान टेन डोएशे का मान चुके हैं कि आयरलैंड से मिली 0-2 की हार के बाद टीम में निराशा है और यह बड़े बदलावों का कारण बन सकता है। हालांकि भारतीय टीम आयरलैंड की हार को भूलकर इंग्लैंड में लंबी लड़ाई लड़नी होगी।
संजू सैमसन और ईशान किशन हुए फ्लॉप
आयरलैंड के विरुद्ध संजू सैमसन की दोहरी विफलता उन्हें बाहर बैठाने और सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका देने का कारण हो सकती है। अभिषेक को बेलफास्ट में पहले टी-20 में 20 गेंद में 49 रन की पारी के कारण फिर मौका मिल सकता है। वहीं ईशान किशन भी आयरलैंड के विरुद्ध दो मैच की सीरीज में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए।
वह एक और 12 रन पर आउट हो गए इसलिए प्रबंधन सूर्यवंशी को शामिल करने के लिए उन्हें भी बाहर कर सकता है, लेकिन वे इस बात पर विचार करेंगे कि ऐसे कदम का बाहर किए गए बल्लेबाज के मनोबल पर क्या असर पड़ सकता है। अगर सैमसन को देखें तो उन्होंने इस साल टी-20 विश्व कप के अंतिम चरण के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो शतक भी लगाए थे।
खबरें और भी
भारतीय बल्लेबाजों के समझ में नही आई आयरलैंड की पिच
चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुवाई वाला टीम प्रबंधन कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटता। हाल ही में सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने और टीम से बाहर किया जाना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। हालांकि सिर्फ सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने से भारत की बल्लेबाजी की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हो जाएगा क्योंकि इन समस्याओं के कई पहलू हैं।
तेज गेंदबाजों की अनुकूल बेलफास्ट की पिच पर कोई भी भारतीय बल्लेबाज सहज नहीं दिख रहा था। जब हालात और आयरलैंड के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने आक्रामक बल्लेबाजी के रास्ते बंद कर दिए तो भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई। दूसरे टी-20 में तिलक वर्मा ने संभलकर खेलते हुए अर्धशतक जड़ा, लेकिन 46 गेंद तक टिके रहने के बाद उनका भी सब्र जवाब दे गया।
इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी कर सकती है परेशान
दरअसल भारतीय बल्लेबाजों को आईपीएल की सपाट पिचों पर बल्लेबाजी करने के तरीके से अलग सोच की जरूरत थी, लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला। अब भारतीय बल्लेबाजों को अपनी सोच और खेलने के तरीके में बदलाव करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में भी लगभग ऐसे ही हालात होंगे और वहां अधिक बेहतर और अनुभवी खिलाड़ियों से सामना होगा।
दूसरी ओर इंग्लैंड के पास जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, साकिब महमूद और सोनी बेकर जैसे बहुत तेज गति वाले गेंदबाज हैं। उनके पास आदिल रशीद तथा रेहान अहमद जैसे चतुर स्पिन गेंदबाज भी हैं। चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर औसत टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर 138 और उच्चतम स्कोर 195 है, जो यहां खेले गए पिछले आठ मैच में गेंदबाजों के दबदबे की ओर इशारा करता है इसलिए अगर बल्लेबाज विरोधी टीम की गेंदबाजी और यहां की पिचों के हिसाब से ढलने में अधिक समय लेते हैं तो इंग्लैंड बहुत तेजी से पांच मैच की सीरीज जीत सकता है।
सूर्यवंशी के पदार्पण पर फिर होंगी सबकी नजरें
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोएशे कह चुके हैं कि सूर्यवंशी को भी किसी अन्य क्रिकेटर की तरह एकादश में जगह पाने के लिए प्रक्रिया से गुजरना होगा और सही समय का इंतजार करना होगा लेकिन इस सीरीज में यह देखना बाकी है कि क्या प्रबंधन इस बात पर अडिग रहेगा कि सूर्यवंशी को प्रक्रिया का पालन करना चाहिए, जबकि इस विस्फोटक बल्लेबाज को टीम में शामिल करने की मांग तेज हो रही है। आयरलैंड के विरुद्ध सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को पदार्पण का मौका दिया जिससे सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के लिए इंतजार करना पड़ा।
वरुण चक्रवर्ती की वापसी
वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन वह अनफिट होने के कारण उसमें नहीं खेल पाए थे। उनकी अनुपस्थिति में भारतीय गेंदबाजी बेहद बेअसर दिखी और आयरलैंड के बल्लेबाजों ने आसानी से रन बटोरे। अब वरुण चोट से उबर चुके हैं और उन्होंने नेट पर जमकर पसीना बहाया है। वह सोमवार को इंग्लैंड पहुंचे थे। अब देखना होगा कि उन्हें पहले मैच में खिलाते हैं या नहीं।
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ स्पेशल 'सेंचुरी' जड़ सकते हैं अभिषेक शर्मा, रोहित-कोहली के क्लब में हो सकते हैं शामिल
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: इंग्लैंड के इन 5 सूरमाओं से बचना टीम इंडिया, नहीं तो आयरलैंड से भी बुरा होगा हाल