विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs SA: गंभीर के सामने बड़ी टेंशन, सुलझानी होगी नंबर 4 और 6 की उलझन

Published: Sat, 29 Nov 2025 07:00 AM (IST)

भारतीय क्रिकेट टीम को 30 नवंबर को रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला ...और पढ़ें

कोच गौतम गंभीर के सामने टेंशन है बड़ी

कोच गौतम गंभीर के सामने टेंशन है बड़ी

HighLights

  1. पंत और राहुल की भूमिका को लेकर प्रबंधन दुविधा में फंसा

  2. नीतीश व वॉशिंगटन में किसे मिलेगा मौका ?

  3. रांची में रविवार को खेला जाएगा पहला वनडे

जागरण संवाददाता, रांची : टेस्ट सीरीज में करारी हार के बाद दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध रविवार को होने वाले पहले वनडे से पूर्व भारतीय टीम चयन को लेकर प्रबंधन का सिरदर्द बढ़ने वाला है। रांची की ठंडी शामें, स्पिन फ्रेंडली पिच और अहम खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ये सभी बातें चयनकर्ताओं के सामने अनोखे सवाल खड़े कर रही हैं।

सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि ओपनिंग, तीसरे नंबर और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी क्रम तो लगभग तय है, लेकिन नंबर चार और नंबर छह की पहेली को सुलझाना मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी। गंभीर शुक्रवार को रांची पहुंचे हैं। रांची में रात को ओस की भूमिका और लंबे बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए यह निर्णय और भी जटिल हो जाता है।

रोहित और यशस्वी की ओपनिंग तय

नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल का ओपनिंग करना लगभग तय माना जा रहा है। तीसरे नंबर पर विराट कोहली और नंबर पांच पर कप्तान केएल राहुल खेलेंगे। अब बचा नंबर चार और नंबर छह का स्लॉट, जहां ऋषभ पंत, ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा के बीच टक्कर है। केएल राहुल अगर विकेटकीपिंग करते हैं तो पंत केवल बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे। पंत की वनडे में वापसी रणनीतिक रूप से जरूरी है क्योंकि उनका बाएं हाथ का होना बल्लेबाजी क्रम को संतुलन देता है।

हालांकि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि रांची के ठंडे शाम के हालात में भारत को कितनी बल्लेबाजी गहराई चाहिए, जहां लक्ष्य का पीछा करते हुए लंबी बल्लेबाजी लाइन अप की जरूरत पड़ सकती है।

मिडिल ऑर्डर में बदलाव तय

श्रेयस अय्यर के फिट नहीं होने के कारण मध्य क्रम में बदलाव हो सकता है जिसमें ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ी दावेदारी में होंगे। वह मुख्य रूप से सलामी बल्लेबाज हैं और यशस्वी जायसवाल का उस स्थान पर खेलना लगभग तय है। शुक्रवार को नेट्स पर गायकवाड़ ने तिलक से पहले बल्लेबाजी की और बाद में आलोचनाओं का सामना कर रहे कोच गौतम गंभीर और राहुल से बात की। अंतिम निर्णय दूधिया रोशनी में परिस्थितियों पर निर्भर करेगा जिसके बारे में गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने भी इशारा किया। अगर मध्यक्रम में ऋतुराज या तिलक को उतारा जाता है तो फिर पंत नंबर छह पर खेलेंगे।

नीतीश या वॉशिंगटन

एक ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा का खेलना लगभग तय है। ऐसे में टीम प्रबंधन के सामने दूसरी बड़ी दुविधा है नीतीश कुमार रेड्डी या वॉशिंगटन सुंदर में से एक का चयन करना। जेएससीए स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिन को ग्रिप देती है, लेकिन पिच पर घास को देखते हुए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के लिए भी मौका बन सकता है। भारतीय टीम अगर नियंत्रण और स्थिरता चाहती है तो वॉशिंगटन, लेकिन अगर इंपैक्ट और पावर हिटिंग चाहिए तो नीतीश को मौका मिल सकता है।

तेज गेंदबाजी आक्रमण में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ टू प्लस वन का संयोजन बन सकता है। यानी दो मुख्य तेज गेंदबाज और एक ऑलराउंडर। अर्शदीप की स्विंग, हर्षित की गति और लंबाई में विविधता दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज मैथ्यू ब्रिट्जके और एडेन मार्करैम के विरुद्ध अहम भूमिका निभा सकती है।

यह भी पढ़ें- IND vs SA: गौतम गंभीर हेड कोच के पद पर बने रहेंगे या नहीं? BCCI ने कर दिया फैसला

यह भी पढ़ें- 'अरे भाई ये तो हमारा दोस्‍त है, ये तो हमारा देखभाल करा है', रांची एयरपोर्ट पर रोहित शर्मा का मस्‍तमौला वीडियो

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।