IND vs SLC XI Highlights: पहले दिन रहा श्रीलंका के बल्लेबाजों का दबदबा, स्टंप तक श्रीलंका का स्कोर 363/8
भारतीय क्रिकेट टीम आज अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ उतरी है। ये मैच दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका के हालात के साथ सामंजस्य बिठाने के लिए बेहद अहम है।
-1786086731509_m.webp)
शुभमन गिल नहीं खेल रहे अभ्यास मैच
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया आज अभ्यास मैच में उतरी है। भारतीय टीम तीन दिवसीय मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अपनी तैयारियों को परखेगी, लेकिन परेशान करने वाली बाते है कि इसमें कप्तान शुभमन गिल नहीं हैं। गिल चोट के कारण ये मैच नहीं खेल रहे हैं। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन बना लिए हैं।
IND vs SLC XI Live: पहले दिन का खेल समाप्त
पहले दिन का खेल समाप्त हो गया है। 90 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन है। दिलुम सुदीरा 1 और केशरा नुवानथा 9 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट चटकाए।
IND vs SLC XI Live: सोनल दिनुशा लौटे पवेलियन
फिफ्टी लगाने के बाद कप्तान सोनल दिनुशा LBW आउट हुए। मानव सुथार ने उनका विकेट चटकाया। सोनल ने 71 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का भी ठोका।
IND vs SLC XI Live: रमेश मेंडिस आउट
रवींद्र जडेजा ने भारत को 7वीं सफलता दिलाई। उन्होंने रमेश मेंडिस को देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच आउट कराया। रमेश मेंडिस ने 49 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का भी लगाया।
IND vs SLC XI Live: श्रीलंका का स्कोर 300 के पार
श्रीलंकाई टीम ने पहले ही दिन कमाल की बल्लेबाजी की है और अपना स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया है। भारतीय टीम ने विकेट लेकर वापसी करने की कोशिश की है, लेकिन श्रीलंका अभी भी एक कदम आगे है।
IND vs SLC XI Live: भारत को मिली छठी सफलता
कुलदीप यादव ने 72वें ओवर की पहली ही गेंद पर अंजाला बंडारा को आउट कर भारत को छठी सफलता दिला दी है। कुलदीप की गेंद पर वह पढ़ नहीं पाए और गेंद सीधे पैड पर लगी। टीम इंडिया ने अपील की और अंपयार ने उन्हें आउट दे दिया।
IND vs SLC XI Live: तीसरा सेशन शुरू, भारत को मिली सफलता
तीसरा सेशन शुरू हो चुका है और भारत को इस सेशन की शुरुआत में ही एक विकेट मिल गया है। कुलदीप यादव ने अहान विक्रमासिंघे को पवेलियन की राह दिखा दी है। वह 43 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हो गए।
IND vs SLC XI Live: दूसरा सेशन भारत के नाम
पहले सेशन में विकेटों को तरसने वाली टीम इंडिया ने दूसरे सेशन में काफी हद तक वापसी की है और तीन विकेट अपने नाम किए हैं। दूसरे सेशन के बाद श्रीलंका का स्कोर चार विकेट खोकर 246 रन है।
IND vs SLC XI Live: भारत को मिली चौथी सफलता
भारत को चौथी सफलता मिल गई है। गुरनूर बराड़ ने पवन रत्नायके को आउट कर भारत को राहत दी। देवदत्त पडिक्कल ने उनका कैच लपका। वह 47 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाने में सफल रहे।
IND vs SLC XI Live: राविंडू लौटे पवेलियन
भारत को तीसरी सफलता मिल गई है और ये दिलाई है मानव सुथार ने। उन्होंने शतक की तरफ बढ़ रहे राविंडू को अपना शिकार बना लिया। राविंडू 143 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 71 रन बनाने में सफल रहे।
IND vs SLC XI Live: श्रीलंका का स्कोर 200 पार
श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया है। मेजबान टीम ने आसानी से स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया है और सिर्फ दो विकेट ही खोए हैं।
IND vs SLC XI Live: भारत को विकेट की दरकार
भारतीय गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों के विकेट नहीं गिरा पा रहे हैं। श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए भारतीय गेंदबाजों का सामना करना आसान हो रहा है। भारत ने अपने सात गेंदबाजों को आजमा लिया है और सिर्फ दो विकेट मिले हैं जिसमें से एक रन आउट का विकेट है।
IND vs SLC XI Live: रवींद्र जडेजा ने भारत को दिलाई सफलता
भारत को दूसरा विकेट मिल गया है और ये विकेट दिलाया है रवींद्र जडेजा ने। जडेजा ने पासिंदू सूरीयाबंदारा को बोल्ड कर ये सफलता हासिल की। वह 63 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 35 रन बनाने में सफल रहे।
IND vs SLC XI Live: दूसरा सेशन शुरू
दूसरा सेशन शुरू हो गया है। इस सेशन में भारत को विकेट की जरूरत है नहीं तो मेजबान टीम का पलड़ा भारी होता चला जाएगा। वहीं श्रीलंका की कोशिश विकेट बचाते हुए अपने स्कोर को मजबूत करने की होगी।
IND vs SLC XI Live: राविंडू का अर्धशतक पूरा, पहला सेशन खत्म
फर्नांडो के बाद राविंडू का अर्धशतक भी पूरा हो गया है। इसी के साथ श्रीलंका ने पहला सेशन मजबूत स्थिति में रहते हुए खत्म किया। लंच तक श्रीलंका ने एक विकेट खोकर 138 रन बना लिए हैं।
IND vs SLC XI Live: भारत को मिली पहली सफलता
भारत को पहली सफलता मिल गई है। निशान फर्नांडो आउट हो गए हैं। वह रन आउट हुए। केएल राहुल की थ्रो पर मानव सुथार ने उन्हें रन आउट किया।
IND vs SLC XI Live: निशान फर्नांडो का अर्धशतक
श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारत को विकेट नहीं लेने दिया। निशान फर्नांडो खासतौर पर भारत के लिए परेशानी बने हुए हैं। उन्होंने अर्धशतक पूरा कर लिया है और टीम का स्कोर भी 100 के पार ले गए हैं।
IND vs SLC XI Live: भारतीय टीम विकेट के लिए तरसी
श्रीलंकाई ओपनरों ने दमदार शुरुआत की है और आसानी से स्कोर 50 के पार ले गए हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट लेने की काफी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन 14वें ओवर तक सफल नहीं हो पाए हैं। यहां तक श्रीलंका ने बिना किसी नुकसान के 60 रन बना लिए हैं।
IND vs SLC XI Live: श्रीलंका की अच्छी शुरुआत
दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अभी तक अच्छी बल्लेबाजी की है और भारतीय गेंदबाजों को विकेट लेने का मौका नहीं दिया है। 10 ओवरों के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 41 रन है।
IND vs SLC XI Live: मैच शुरू
मैच शुरू हो चुका है। श्रीलंका की तरफ से निशान फर्नांडो और रविंडू रसांथ पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
IND vs SLC XI Live: श्रीलंका ने जीता टॉस
गिल की जगह केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं। हालांकि, वह टॉस नहीं जीत सके। श्रीलंका ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी चुनी है।
IND vs SLC XI Live: शुभमन गिल नहीं खेल रहे मैच
इस मैच में शुभमन गिल नहीं खेल रहे हैं। उनको कल अभ्यास में चोट लग गई थी और इसलिए टीम मैनेजमेंट ने एहतियात के तौर पर उन्हें न खिलाने का फैसला किया है।
IND vs SLCXI Live: अभ्यास मैच में जोर परखेगी टीम इंडिया
भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिन का अभ्यास मैच आज से शुरू हो रहा है। इस मैच से टीम इंडिया अपनी तैयारी को परखेगी जो 15 अगस्त से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में काम आएगी।