Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IND vs ZIM: बल्लेबाजी ने दिखाया कमाल तो गेंदबाजी के हुए बुरे हाल, जिम्बाब्वे पर जीत के बावजूद गंभीर-सूर्या को होगी टेंशन

    By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
    Updated: Fri, 27 Feb 2026 09:02 AM (IST)

    भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया, लेकिन शिवम दुबे की महंगी गेंदबाजी (2 ओवर में 46 रन) और नकारात्मक नेट रन रेट चिंता का विषय बने रहे। ब्रायन बेने ...और पढ़ें

    भारतीय क्रिकेट टीम

    भारतीय क्रिकेट टीम

    HighLights

    1. शिवम दुबे ने 2 ओवर में 46 रन दिए, चिंता बढ़ी

    2. अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी की

    3. ब्रायन बेनेट 97 रन बनाकर नाबाद रहे

    अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, चेन्नई। चेपॉक की पाटा पिच पर कमजोर जिम्बाब्वे के विरुद्ध भारतीय बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए फॉर्म में तो वापसी कर ली लेकिन ऑलराउंडर शिवम दुबे के दो ओवर में दिए गए 46 रनों के कारण विपक्षी टीम सुपर-8 के मैच में छह विकेट पर 184 रन बनाने में सफल रही। उसके ओपनर ब्रायन बेनेट (नाबाद 97) को कोई भारतीय गेंदबाज शुरू से आखिरी तक आउट नहीं कर सका।

    भारत ने पहले खेलते हुए चार विकेट पर 256 रन बनाए। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि मेजबान टीम इस मैच को 100 से अधिक रनों से जीतेगी लेकिन उसे सिर्फ 72 रन से जीत मिली। उसका नेट रन रेट अभी नकारात्मक अंकों में ही बना हुआ है।गुरुवार को ग्रुप-1 के एक और सुपर-8 मैच में दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज को सिर्फ 16.1 ओवर में नौ विकेट से हराकर भारत की राह थोड़ी आसान की तो उसके बाद भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल की तरफ कदम बढ़ाया।

    वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मैच

    अब उसे रविवार को वेस्टइंडीज को हराना होगा। उसके बाद भारतीय टीम अंतिम-4 में पहुंच जाएगी। कोलकाता में पिछले दिनों वर्षा हुई है। हालांकि रविवार को वर्षा की संभावना न के बराबर है। अगर किसी कारण से वह मैच नहीं होता है तो भारत और वेस्टइंडीज के तीन-तीन अंक हो जाएंगे। ऐसे में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका के साथ अंतिम-4 में क्वालीफाई कर जाएगी।

    काम आई भारत की रणनीति

    भारतीय टीम इस मैच में नई रणनीति के साथ उतरी। रिंकू सिंह की जगह अंतिम एकादश में शामिल किए गए विकेटकीपर संजू सैमसन (24) को अभिषेक शर्मा (55) के साथ ओपनिंग में उतारना सही फैसला साबित हुआ। पिछले पांच मैचों में चार में भारत ने शुरुआती तीन बल्लेबाज बाएं हाथ के खिलाए थे जिससे विपक्षी टीम को भारत के विरुद्ध रणनीति बनाने में आसानी हो रही थी।

    खबरें और भी

    यहां पर बाएं-दाएं संयोजन के तहत अभिषेक के साथ दाएं हाथ के बल्लेबाज सैमसन को ओपनिंग में उतारा गया। दोनों ने 3.4 ओवर में ही 48 रनों की साझेदारी कर डाली। भारत ने छह ओवर के पॉवरप्ले में एक विकेट पर 80 रन का स्कोर खड़ा किया। इसी विश्व कप में भारत ने नमीबिया के विरुद्ध पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा 86 रन बनाए थे। सैमसन के ओपनिंग में आने से जिम्बाब्वे ने नई गेंद से ऑफ स्पिनर का इस्तेमाल नहीं किया।

    फॉर्म में आए अभिषेक

    इस मैच से पहले पिछली सात पारियों में पांच बार शून्य पर आउट होने वाले दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी-20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाकर फार्म में वापसी की तो मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी राहत की सांस ली। पिछली सात पारियों में 00, नाबाद 68, 00, 30, 00, 00, 00 का स्कोर करने वाले अभिषेक की फॉर्म भारतीय टीम का सिरदर्द बन गई थी। पेट में संक्रमण से उबरने के बाद वह लगातार तीन बार शून्य रन पर आउट हुए थे लेकिन टीम प्रबंधन ने उन पर लगातार विश्वास बनाए रखा। अभिषेक ने अपनी आदत के विपरीत यहां थोड़ा संभलकर खेला। यह उनका दूसरा सबसे धीमा पचासा है।

    2024 में हरारे में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 33 गेंद पर बनाया अर्धशतक उनका सबसे धीमा पचासा है। उन्होंने अपने शुरुआती 50 रनों में से 34 जमीनी शाट खेलकर बनाए। मतलब उन्होंने 68 फीसद रन में रिस्क नहीं लिया। पिछले 11 पचासों में उन्होंने सिर्फ 38 फीसद जमीनी शॉट खेले थे।

    हार्दिक और तिलक ने मचाया धमाल

    कप्तान सूर्य कुमार यादव के अलावा अब तक आउट ऑफ फॉर्म चल रहे और तिलक वर्मा (नाबाद 44) और धुरंधर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बाद में रही सही कसर भी पूरी कर दी। तीनों ने जहां चाहा वहां पर गेंद को पहुंचाया। हार्दिक ने 23 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया जबकि धीमी बल्लेबाजी के कारण आलोचना का शिकार हो रहे तिलक इस मैच में तीसरे नंबर की जगह छठे नंबर पर उतरे और सिर्फ 16 गेंद पर चार छक्के की मदद से 44 रन बना डाले। हालांकि जिम्बाब्वे ने दो कैच भी छोड़े। जिम्बाब्वे ने सुपर ओवर के दो मैचों में पांच कैच छोड़े हैं।

    शिवम बने परेशानी

    विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम की टीम ने पॉवरप्ले में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस विश्व कप में पहली बार ऐसा मौका आया जब भारतीय गेंदबाज पॉवरप्ले में विकेट नहीं ले पाए। फॉर्म में चल रहे ओपनर ब्रायन इस विश्व कप की पांच पारियों में चार में नाबाद रहे हैं। उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट जरूर लिए लेकिन बेनेट को आउट नहीं कर सके। कप्तान सूर्य कुमार यादव ने ऑलराउंडर शिवम दुबे को 15वां ओवर दिया जिसमें 26 रन गए। यह मैच का सबसे महंगा ओवर रहा।

    उन्होंने 10 गेंद का ओवर फेंका जिसमें दो छक्के, दो चौके लगे। उन्होंने तीन वाइड और एक नो-बॉल फेंकी। हार्दिक और बुमराह का एक-एक ओवर बाकी होने के बावजूद सूर्या ने शिवम को मैच का आखिरी ओवर दिया, जिसमें उन्होंने दूसरी ही गेंद बीमर फेंकी। इसकी अगली गेंद उन्होंने वाइड फेंकी। उन्होंने इस ओवर में 20 और दो ओवर में कुल 46 रन फेंके। मैच के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर, गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्केल और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक शिवम को समझाते हुए नजर आए।

    यह भी पढ़ें- टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच Rinku Singh के ऊपर टूटा दुखों का पहाड़, पिता खानचंद का हुआ निधन

    यह भी पढ़ें- ENG vs NZ: न्‍यूजीलैंड की मुट्ठी में पाकिस्‍तान का भाग्‍य, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कुदरत का निजाम भी नहीं आएगा काम