IND vs SL: मानव सुथार ने दिखाई भविष्य की उम्मीद, टीम इंडिया की लंबे समय की खोज पूरी होती दिखी
मानव सुथार (10 विकेट) के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने गॉल में श्रीलंका को पहले टेस्ट में 165 रन के विशाल अंतर से मात दी। 'गिल ब्रिगेड' ने इसके साथ ही सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।

मानव सुथार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, गॉल। रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद भारतीय टेस्ट टीम को ऐसे स्पिनर की तलाश है, जो गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी टीम के काम आए। रवींद्र जडेजा अभी यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन उनके करियर का आखिरी दौर भी दूर नहीं है।
ऐसे में गॉल टेस्ट में मानव सुथार का प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उम्मीद बनकर आया है। गॉल में सुथार के प्रदर्शन से प्रभावित पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा कि मैं उन्हें जडेजा के उत्तराधिकारी के तौर पर देख रहा हूँ, क्योंकि एक न एक दिन जड्डू जाएंगे और आपको उनके जैसे ही किसी खिलाड़ी की आवश्यकता होगी।
सुथार ने दिखाई क्षमता
अगर मैं उन्हें केवल एक गेंदबाज के तौर पर देखूं तो मुझे लगता है कि वह जडेजा का अपग्रेडेड वर्जन हैं। इस साल जून में अफगानिस्तान के विरुद्ध टेस्ट पदार्पण करने वाले मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में श्रीलंका के विरुद्ध दोनों पारियों में कुल 10 विकेट लेकर अपनी क्षमता दिखा दी।
पहली पारी में उन्होंने 76 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 55 रन देकर छह विकेट चटकाए। वह दूसरे ही टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन और अक्षर पटेल ऐसा कर चुके हैं। 10/131 के आंकड़े ने उन्हें श्रीलंका में सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाला भारतीय गेंदबाज बना दिया।
दिग्गजों को पछाड़ा
उन्होंने हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। हरभजन ने 2008 में गॉल में 10/153 और अश्विन ने 2015 में 10/160 का प्रदर्शन किया था। बुधवार को मानव ने श्रीलंका के निचले क्रम को संभलने का मौका ही नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में आखिरी चार विकेट निकाल दिए।
मानव ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में सात विकेट लिए थे और इस मैच में 10 विकेट यानी दो टेस्ट मैचों में ही उन्होंने 17 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि मानव सिर्फ गेंदबाज नहीं हैं। वह उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। यही वजह है कि उन्हें भविष्य में अश्विन-जडेजा जैसी भूमिका के लिए तैयार किया जा सकता है।
कहीं जल्दबाजी तो नहीं...
कप्तान शुभमन गिल भी उनकी गेंदबाजी से प्रभावित हैं। उन्होंने मैच के बाद कहा कि मानव शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और उनमें लंबे समय तक भारत के लिए खेलने की क्षमता है।
अभी मानव को अश्विन या जडेजा का उत्तराधिकारी कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन गॉल में उन्होंने इतना जरूर बता दिया है कि भारतीय टेस्ट टीम के स्पिन विभाग के भविष्य में उनका नाम मजबूती से लिखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ गॉल में बजा भारत का डंका, पडिक्कल-सुथार सहित ये पांच खिलाड़ी बने जीत के 'महानायक'
