IND vs WI: 'Ro-Ko' के रिकॉर्ड्स पर होंगी निगाहें, वेस्टइंडीज के खिलाफ मिल सकता है युवाओं को मौका
भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को तिरुअनंतपुरम में पहला वनडे मैच खेला जाएगा। भारतीय फैंस की निगाहें रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर रहेंगी।

रोहित शर्मा और विराट कोहली
HighLights
रोहित और कोहली पर फिर होगी नजरें
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे
युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
प्रेट्र, तिरुअनंतपुरम। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के विरुद्ध रविवार से शुरू होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज में फिर से आकर्षण का केंद्र होंगे, जबकि भारतीय टीम 2027 में होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को भी मौका देना चाहेगी।
विश्व कप से पहले भारत को 14 से 20 वनडे मैच खेलने हैं। भारतीय टीम के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इससे उसे अफ्रीकी महाद्वीप में होने वाले विश्व कप के लिए अपनी मजबूत 15 सदस्यीय टीम तैयार करने में मदद मिलेगी। भारत को यह तय करना होगा यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी को 50 ओवर के प्रारूप में बनाए रखा जाए या नहीं।
कोहली के चोटिल हो जाने के कारण जायसवाल ने अफगानिस्तान के विरुद्ध तीन मैच खेले। इस वजह से कप्तान शुभमन गिल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ी। लेकिन इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज में कोहली की वापसी के बाद गिल ने फिर से पारी का आगाज किया। इस सीरीज के लिए जायसवाल को टीम में शामिल तक नहीं किया गया।
टीम प्रबंधन गंभीरता से विचार करेगा
अब बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के एशियाई खेलों के लिए जापान में होने से टीम में वापसी की है, लेकिन टीम प्रबंधन इस पर गंभीरता से विचार करेगा कि क्या जायसवाल को पहले मैच से ही रोहित के साथ फिर से पारी का आगाज करने का मौका दिया जाए या रोहित-गिल की जोड़ी को ही बरकरार रखा जाए।
रोहित ने इंग्लैंड के विरुद्ध लॉर्ड्स में तूफानी शतक लगाकर अपने भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर कुछ समय के लिए विराम लगा दिया। रोहित इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ होंगे कि वह अपनी लय बनाए रखें और कुछ और बड़ी पारियां खेलें, क्योंकि उन्हें पता होगा कि असफल होने पर उन पर आलोचक हावी हो जाएंगे।
इसके विपरीत कोहली की स्थिति अधिक मजबूत है। वह सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे में 15000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनने के लिए 51 रन पीछे हैं।
कोहली और रोहित ने किया अभ्यास
कोहली और रोहित दोनों ने शुक्रवार शाम को यहां नेट पर जिस तरह से करीब 20 मिनट तक बल्लेबाजी की, उससे उनकी ललक का पता चलता है। युवा खिलाड़ियों में गुरनूर बराड़ और आकिब नबी जैसे तेज गेंदबाज भी शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में विभिन्न मैचों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। लेकिन इन दोनों के पास पर्याप्त अनुभव नहीं है।
हार्दिक सीरीज से बाहर
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल होने के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं और ऐसे में नीतीश कुमार रेड्डी की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उनकी गेंदबाजी में सुधार की गुंजाइश है।
इस 23 वर्षीय ऑलराउंडर में छह वनडे मैचों में किसी भी मैच में अभी तक 10 ओवर भी नहीं फेंके हैं और हो सकता है कि इस सीरीज में उन्हें पूरा स्पेल करने का मौका मिल जाए। गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्केल ने भी कहा कि रेड्डी के अधिक ओवर करने से टीम को फायदा होगा।
इस प्रकार हैं टीम
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरैल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर।
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टि, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लाज, गुडाकेश मोती, कीमो पाल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स।
यह भी पढ़ें- IND vs WI 1st ODI Live Streaming: रोहित-विराट की वापसी, '15 हजारी' क्लब से चंद कदम दूर किंग
यह भी पढ़ें- '2027 मेरा आखिरी वर्ल्ड कप', Virat Kohli का साफ संदेश - 'अब इस चीज की चिंता किए बिना खेलूंगा'
