अफगानिस्तान टेस्ट सीरीज के लिए कल हो सकता है टीम इंडिया का एलान, रोहित-बुमराह के अलावा इन 2 युवाओं पर रहेंगी नजरें
अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन मंगलवार को होगा। चयनकर्ता जसप्रीत बुमराह के कार्यभार और रोहित शर्मा की फिटनेस ...और पढ़ें

जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, गुवाहाटी: अफगानिस्तान के विरुद्ध अगले महीने होने वाली एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए मंगलवार को जब राष्ट्रीय चयनकर्ता भारतीय टीम का चयन करेंगे, तब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के कार्यभार प्रबंधन और रोहित शर्मा की मैच फिटनेस पर विशेष चर्चा होगी।
आईपीएल का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाना है, जबकि एक सप्ताह से भी कम समय के अंतराल पर छह जून से मुल्लांपुर में अफगानिस्तान दौरे का एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। वनडे मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में क्रमश: 14, 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।
एक फॉर्मेट खेल सकते हैं बुमराह
इस बात की संभावना कम है कि बुमराह को दोनों प्रारूपों के लिए चुना जाएगा, क्योंकि वनडे में उन्हें तुरंत खिलाने की कोई जल्दबाजी नहीं है। 50 ओवर का विश्व कप अभी काफी दूर है। वहीं, रोहित शर्मा की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। आईपीएल के दौरान हैमस्टि्रंग चोट के कारण वह मुंबई इंडियंस के कई मुकाबलों से बाहर रहे थे। पंजाब किंग्स के विरुद्ध पिछले मैच में भी उन्होंने केवल इंपैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी की थी। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें तभी टीम में शामिल करेंगे, जब वह पूरी तरह फिट होंगे।
विराट की शानदार फॉर्म
दूसरी ओर, विराट कोहली ने आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाकर अपनी उपयोगिता फिर साबित की है। रोहित की तरह अब केवल एक प्रारूप खेलने वाले कोहली के अफगानिस्तान के विरुद्ध तीनों वनडे मैचों में खेलने की पूरी संभावना है। सबसे अधिक महत्व एकमात्र टेस्ट मुकाबले को दिया जा रहा है, क्योंकि हाल के समय में भारतीय टीम पारंपरिक प्रारूप में, खासकर घरेलू परिस्थितियों में, संघर्ष करती नजर आई है।
खबरें और भी
बल्लेबाजों की कमजोरी उजागर
बल्लेबाजों की स्पिन-अनुकूल पिचों पर कमजोरियां लगातार सामने आई हैं। पिछले वर्ष नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध घरेलू सीरीज में यह समस्या खुलकर उजागर हुई थी। चेतेश्वर पुजारा के बाद टेस्ट टीम में नंबर तीन बल्लेबाजी क्रम अब तक स्थिर नहीं हो पाया है। साई सुदर्शन को अवसर मिले, लेकिन वह अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। अब उम्मीद जताई जा रही है कि देवदत्त पडिक्कल को घरेलू सत्र की शुरुआत से लगातार मौके दिए जाएंगे।
आकिब-प्रिंस के नाम पर हो सकती है चर्चा
जम्मू-कश्मीर को ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने वाले आकिब नबी भी चयनकर्ताओं की चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सत्र में 60 विकेट हासिल किए थे। आईपीएल में अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को वनडे सीरीज में आजमाया जा सकता है।
बुमराह अगर टीम का हिस्सा नहीं होते हैं तो मोहम्मद सिराज आक्रमण की अगुआई करते नजर आ सकते हैं। प्रसिद्ध कृष्णा के भी टीम में शामिल होने की संभावना है। हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या भी पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे हैं। आईपीएल के दौरान उनकी फिटनेस लगातार चिंता का कारण बनी रही है। ऐसे में वनडे सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता पर अभी संशय बना हुआ है।