'बेडरूम में घुसकर वीडियो बना रहा था', भारतीय क्रिकेटर शशांक सिंह ने नौकर के आरोपों पर दी सफाई; रखा अपना पक्ष
भारतीय क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता पर उनके ही कुक ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। अब इस मामले में क्रिकेटर ने सफाई दी है और अपना पक्ष रखा है। उन्होंन ...और पढ़ें
-1782824466471_m.webp)
शशांक सिंह पर कुक ने लगाए मारपीट के आरोप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले भारतीय क्रिकेटर शशांक सिंह के ऊपर उनके कुक ने मारपीट और अभ्रद भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में शशांक और उनके पिता के अलावा उनके ड्राइवर पर भी केस दर्ज हुआ है। इन आरोपों को शशांक ने सिरे से खारिज किया है और कहा है कि नौकर घर में प्राइवेट जगहों पर घुसकर वीडियो बना रहा था।
शशांक ने कहा है कि कुक घर में कई जगह बिना इजाजत के वीडियो बना रहा था और इसी कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। शशांक और उनके पिता शैलेश सिंह पर उनके कुक विपेंद्र सिंह तोमर ने ये आरोप लगाए हैं। कुक के मुताबिक, क्रिकेटर, उनके पिता और ड्राइवर ने उनके साथ मारपीट की और कमरे में बंद रखा।
शशांक ने दी सफाई
शाशांक ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई दी है और उन्हें गलत बताया है। उन्होंने कहा, "इस तरह का कुछ भी नहीं हुआ। जो शख्स 25 जून को शाम को आया है और 28 जून की सुबह चला गया हो उसे कोई कैसे बंदी बना सकता है?"
शशांक ने कहा कि कुक ने अपने खाना बनाने के अनुभव को लेकर झूठ बोला और फिर बाद में कबूल किया है कि वह वो सभी व्यंजन नहीं बना सकता जिनको बनाने का दावा उसने शुरू में किया था। शशांक ने कहा, "ये आदमी हमारे पास आया और कहा कि मुझे खाना बनाना आता है। मैं सभी तरह का खाना बना लेता हूं और फिर बाद में उसने माना कि वह सही से खाना बनाना नहीं जानता। आप कैसे इस तरह के इंसान का भरोसा कर सकते हैं?"
खबरें और भी
बना रहा था वीडियो
शशांक ने कहा कि ये शख्स घर में बेडरूम में जाकर वीडियो बना रहा था। उन्होंने कहा, "वह हमारे घर के अंदर आया और बेडरूम के वीडियो बनाने लगा। वह बेडरूम में भी घुस गया जहां काफी महंगा सामान रखा है। उसने वहां वीडियो बनाए और दूसरे लोगों को भेजे।"
शशांक ने बताया कि उनके पिता के एक परिचित ने इस कुक से मिलवाया था और जब वह शख्स घर आया तो 20,000 रुपये का एडवांस मांगने लगा। शशांक ने कहा कि उनके परिवार ने कुक से कहा कि पहले वो कुछ दिन काम करे उसके बाद वेतन पर बात होगी।