Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IPL की ऑल टाइम फेवरेट टॉप-10 पारियां, फैंस इन्‍हें भुलाए नहीं भूल पाएंगे! क्‍या आपकी पसंदीदा पारी भी है शामिल?

    Updated: Fri, 20 Mar 2026 08:31 PM (IST)

    आईपीएल 2026 का बिगुल बज चुका है। बीसीसीआई ने पहले 16 दिन और 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी कर दिया है। ...और पढ़ें

    28 मार्च से शुरू होगा 19वां सीजन

    28 मार्च से शुरू होगा 19वां सीजन

    HighLights

    1. 28 मार्च से शुरू हो रहा आईपीएल 

    2. पहले 16 दिन का शेड्यल हुआ जारी 

    3. इस दौरान 4 डबल हेडर मैच होंगे 

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का बिगुल बज चुका है। बीसीसीआई ने पहले 16 दिन और 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी कर दिया है। 28 मार्च से 19वें सीजन का श्रीगणेश होगा। आगामी सीजन के पहले मैच में पिछले सीजन खिताब का सूखा खत्‍म करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टक्‍कर होगी।

    इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले आइए आपको यादों के झरोखों में लेकर चलते हैं और 10 यादगार पारियों के बारे में बताते हैं। यह दैनिक जागरण द्वारा चुनी गईं बेस्‍ट पारियां हैं। हो सकता है कि आप इससे असहमत हों। आप अपनी बेस्‍ट पारियां भी हमें सोशल मीडिया के जरिए बता सकते हैं।

    ब्रेंडन मैकुलम का शतक

    IPL की शुरुआत 2008 में हुई। पहले सीजन के पहले मैच में सौरव गांगुली की कप्‍तानी वाली कोलकाता नाइटराइडर्स की टक्‍कर राहुल द्रविड़ की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हुई। फैंस से लेकर क्रिकेटर तक अभी आईपीएल को सही से समझे भी नहीं पाए थे कि न्‍यूजीलैंड के तूफानी बल्‍लेबाज ब्रेंडन मैकुलम ने पहले ही मुकाबले में तबाही मचा दी। उन्‍होंने 216.44 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी करते हुए 73 गेंदों पर नाबाद 158 रन कूट दिए थे। अपनी इस पारी में उन्‍होंने 10 चौके और 13 छक्‍के लगाए थे। पहले सीजन की यह पारी आज भी फैंस के जहन में ताजा है।

    क्रिस गेल का तूफान

    वेस्‍टइंडीज के खूंखार बल्‍लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 2013 में अपनी एक पारी से भूचाल ला दिया था। आरसीबी के इस सलामी बल्‍लेबाज ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 66 गेंदों पर 175 रन कूट दिए थे। इस पारी में गेल ने 13 चौकों के साथ ही 17 हवाई फायर किए थे। यह आईपीएल की एक पारी में किसी बल्‍लेबाज का सर्वाधिक स्‍कोर है।

    खबरें और भी

    सहवाग का शक्ति प्रदर्शन

    आईपीएल 2014 के दूसरे क्‍वालीफायर मुकाबले में Kings XI Punjab (पंजाब किंग्‍स) की टक्‍कर चेन्‍नई सुपर किंग्‍स से हुई थी। दोनों टीमों को फाइनल का टिकट कटाने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना था। पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पंजाब की ओर से वीरेंद्र सहवाग में आते ही रौद्र रूप दिखाया। उन्‍होंने 12 चौकों और 8 छक्‍कों की बदौलत 58 गेंदों पर 122 रन कूट दिए।

    रैना का पलटवार

    आईपीएल 2014 के दूसरे क्‍वालीफायर मुकाबले में सहवाग के बाद सुरेश रैना ने पलटवार किया। पंजाब ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को 227 रनों का टारगेट दिया था। खराब शुरुआत के बाद 4 नंबर पर उतरे रैना ने धोनी के साथ मिलकर चेन्‍नई की रन गति बढ़ाई। रैना जिस तरह से बल्‍लेबाजी कर रहे थे लगने लगा था कि चेन्‍नई आसानी से इस मुकाबले को जीत जाएगी।

    उन्‍होंने 12 चौकों और 6 सिक्‍स की बदौलत 24 गेंदों पर 87 रन कूट दिए थे। वह 350 की स्‍टाइक रेट से बल्‍लेबाजी कर रहे थे। हालांकि, रैना की पारी का दुखद अंत हुआ और वह रन आउट हो गए। चेन्‍नई को इस मैच में 24 रन से हार मिली थी।

    अक्षर के आखिरी ओवर में बरसे धोनी

    IPL 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने बताया था कि वह बेस्‍ट फिनिशर क्‍यों हैं। किंग्‍स XI पंजाब के खिलाफ अक्षर पटेल के आखिरी ओवर में धोनी ने 23 रन जड़कर मैच खत्‍म किया था। आखिरी 2 गेंद पर 12 रनों की दरकार थी। धोनी ने दोनों गेंदों को दर्शकों की गोद में भेजकर अपनी टीम को जीत दिला दी थी।

    खून से पारी को सींचा

    IPL 2019 के फाइनल में रोमांच की सारी हदें पार हो गई थीं। पूरे 40 ओवर तक चले इस मैच में आखिरी गेंद पर रिजल्‍ट निकला। मुंबई इंडियंस ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को 1 रन से हराया था। इस मैच में शेन वॉटसन के घुटने में चोट लग गई थी और इससे खून निकल रहा था। डाइव लगाते समय वह चोटिल हो गए थे। दर्द को दरकिनार कर उन्‍होंने 59 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी खेली। मैच के बाद उनके पैर में 6 टांके आए थे।

    टांके भी नहीं रोक सके कोहली के 'विराट' हौसले

    आईपीएल 2016 में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ फील्डिंग करते समय आरसीबी के कप्‍तान विराट कोहली के बाएं हाथ की उंगलियों के बीच की त्वचा फट गई थी। ऐसे में विराट कोहली को 9 टांके लगे थे। इसके बाद कोहली ने 50 गेंदों पर 113 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इस सीजन में विराट ने 4 शतक लगाए थे।

    धोनी ने जडेजा को गोद में उठाया

    आईपीएल 2023 का फाइनल हर चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के फैंस के जहन में आज भी ताजा होगा। आखिरी 2 गेंदों पर चेन्‍नई को जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। रविंद्र जडेजा स्‍ट्राइक पर थे। मोहित शर्मा की 5वीं गेंद पर उन्‍होंने लॉन्‍ग ऑन पर सिक्‍स लगाया था। आखिरी गेंद पर चौका लगाकर उन्‍होंने CSK को 5वीं ट्रॉफी दिला दी थी। इसके बाद धोनी ने जडेजा को गोद में उठा लिया था

    5 छक्‍कों ने रिंकू को बनाया स्टार

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL 2023 का 13वां मैच खेला जा रहा था। आखिरी ओवर में गुजरात टाइटंस को जीत के लिए 29 रन चाहिए थे। यश दयाल के इस ओवर में रिंकू सिंह ने 5 छक्‍के जड़ दिए और इस मैच ने रिंकू को रातों-रात स्‍टार बना दिया।

    वैभव सूर्यवंशी का शतक

    IPL 2025 से पहले हुए ऑक्‍शन में राजस्‍थान रॉयल्‍स ने वैभव को 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदकर सभी को चौंका दिया। संजू सैमसन के चोटिल होने के बाद आरआर ने इस 14 साल के बल्‍लेबाज को मैदान में उतार दिया। वैभव ने भी राजस्‍थान मैनेजमेंट के फैसले को सही साबित किया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव ने 35 गेंदों पर शतक जड़कर इतिहास रच दिया।

    यह भी पढ़ें- Exclusive: आशुतोष शर्मा ने बताया किस गेंदबाज का सामना करना लगता है चैलेंजिंग, दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खोले कई राज

    यह भी पढ़ें- IPL 2026 से पहले राजस्‍थान रॉयल्‍स को लगा तगड़ा झटका, इंग्‍लैंड का स्‍टार खिलाड़ी चोट के कारण हो सकता है बाहर