एक ही परिवार में रहते हैं टोनी ग्रेग, ब्रैडमैन, स्टीव वॉ, लारा और लता मंगेशकर, श्रीलंकाई गेंदबाज टोनी ने बताई दिलचस्प कहानी
श्रीलंकाई तेज गेंदबाज टोनी ग्रेग के परिवार में उनके भाइयों के नाम स्टीव वॉ, डॉन ब्रैडमैन और लारी गोम्स हैं, जबकि मां का नाम लता मंगेशकर है।

श्रीलंका क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में नाम कभी-कभी सिर्फ पहचान नहीं होते, बल्कि अपने साथ एक पूरी कहानी लेकर आते हैं। श्रीलंका के 19 वर्षीय तेज गेंदबाज टोनी ग्रेग की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। परिवार में सिर्फ टोनी ही एकमात्र गंभीर क्रिकेटर हैं। श्रीलंका के नुवार एलिया के रहने वाले तेज गेंदबाज टोनी कोलंबो में तमिल यूनियन क्रिकेट एवं एथलेटिक क्लब के लिए क्लब क्रिकेट खेलते हैं।
हाल में श्रीलंका दौरे के समय जब उनसे मुलाकात हुई तो उन्होंने बताया कि उनके भाइयों के नाम स्टीव वॉ, डॉन ब्रैडमैन और लारी गोम्स हैं, जबकि मां का नाम करुप्पैया लता मंगेशकर है।
खिलाड़ियों के नाम पर बेटे-बेटों का नाम
परिवार की अगली पीढ़ी में भी क्रिकेट जगत के दिग्गजों के नाम दिखाई देते हैं। टोनी के पिता के छोटे भाई के बेटों के नाम ब्रायन लारा, ब्रेट ली और फ्लेमिंग हैं। हालांकि वह यह स्पष्ट नहीं है कि ‘फ्लेमिंग’ से पूर्व न्यूजीलैंड कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग का संदर्भ है या पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डेमियन फ्लेमिंग का।
इन नामों के पीछे कोई संयोग नहीं, बल्कि टोनी के पिता जोसेफ लियो डोमिनिक की क्रिकेट के प्रति दीवानगी है। उन्होंने अपने बच्चों के नाम क्रिकेट के बड़े सितारों के नाम पर रखे। टोनी श्रीलंका के एक पहाड़ी इलाके से देश की राजधानी में आकर क्रिकेट में अपना नाम बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उसके परिवार को काफी आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। हो सकता है कि आने वाले समय में टोनी श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम से खेलने वाले एक और तमिल खिलाड़ी बन जाएं।
धोनी से शुरू हुई टोनी की कहानी
2007 में टोनी के जन्म के समय भारत ने दक्षिण अफ्रीका में पहला आईसीसी टी-20 विश्व कप जीता था। युवा भारतीय टीम के कप्तान एमएस धोनी से प्रभावित होकर उनके पिता अपने सबसे छोटे बेटे का नाम ‘धोनी ग्रेग’ रखना चाहते थे लेकिन परिवार के तमिल संदर्भ में यह नाम धीरे-धीरे ‘टोनी’ बन गया। टोनी को बचपन में अपने नाम और भाइयों के नाम की खासियत का अंदाजा नहीं था।
उनके लिए डॉन ब्रैडमैन और स्टीव वॉ सिर्फ उनके भाई थे। क्रिकेट खेलने के दौरान जब लोग उनके नाम सुनकर सवाल पूछने लगे, तब उन्होंने खुद इन महान खिलाड़ियों के बारे में जानना शुरू किया। टोनी ने कहा कि मुझे तो पता ही नहीं था कि ब्रैडमैन, स्टीव वॉ कोई बड़े क्रिकेटर थे। जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो लोग मेरे परिवार के बारे में पूछते। जब मैं उनका नाम बताता तो सामने से सवाल आता कि अरे ये तो बहुत बड़े क्रिकेटर हैं।
जब उनसे पूछा गया कि आपकी मां का नाम लता मंगेशकर रखने के पीछे क्या वजह थी तो उन्होंने कहा कि इस बार कोलंबो जाकर मां से पूछूंगा कि नाना-नानी ने उनका नाम ये क्यों रखा। निश्चित तौर पर वह भारतीय गाने सुनते होंगे।
आर्थिक मुश्किलों के बीच क्रिकेट का सफर
नुवारा एलिया के एक साधारण परिवार से आने वाले टोनी ने आर्थिक कठिनाइयों के बीच क्रिकेट सीखा। उनके पास महंगी अकादमी या पेशेवर क्रिकेट का कोई विशेष रास्ता नहीं था। बाद में कैंडी में सीजन बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया और अब वह कोलंबो के तमिल यूनियन क्रिकेट एंड एथलेटिक क्लब के लिए क्लब क्रिकेट खेल रहे हैं। टोनी ने क्लब स्तर पर कुछ अच्छे प्रदर्शन किए हैं और अपनी गति से प्रभावित किया है, हालांकि गेंद पर नियंत्रण में अभी सुधार की जरूरत है। 19 साल की उम्र में उनके सामने लंबा करियर है।
