MI vs KKR: कमजोर कोलकाता नाइटराइडर्स के विरुद्ध मुंबई का पलड़ा भारी, आज होगी कांटे की टक्कर
मुंबई इंडियंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पांच साल के खिताब के सूखे को खत्म करने के लिए रविवार को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में कोलकाता नाइ ...और पढ़ें
HighLights
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला आज
केकेआर के रिंकू सिंह और मुंबई के रोहित-सूर्यकुमार पर रहेंगी नजरें
जीत के साथ 19वें सीजन का आगाज करना चाहेंगी दोनों टीम
मुंबई, पीटीआई। खेल के सभी विभागों में मजबूत दिख रही मुंबई इंडियंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पांच साल के खिताब के सूखे को खत्म करने के लिए रविवार को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना करेगी, जिसकी टीम कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने से कमजोर नजर आ रही है।
मुंबई इंडियंस ने 2013 से लेकर 2020 के बीच पांच बार खिताब जीता था लेकिन वह पिछले कुछ वर्षों से चैंपियन नहीं बन पाया है। इस बार उसकी निगाह अपना छठा खिताब जीतने पर होगी और इसके लिए वह शानदार शुरुआत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। पिछले साल हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम क्वालीफायर दो में पंजाब किंग्स से हारने के बाद तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन मुंबई इंडियंस इस बार अच्छी तैयारी के साथ मैदान पर उतर रहा है।
वापसी करने के लिए उत्सुक रोहित
मुंबई इंडियंस के अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा फार्म में वापसी करने के लिए उत्सुक होंगे। रोहित के अलावा उसकी टीम में कई स्टार खिलाड़ी हैं जिनमें भारत की टी-20 विश्व कप विजेता टीम के खिलाड़ी कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं।
मुंबई इंडियंस के पास कई शानदार विदेशी खिलाड़ी भी हैं, जिनमें रेयान रिकेल्टन, शेरफेन रदरफोर्ड, कार्बिन बॉश, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर, विल जैक्स, एएम गजनफर और ट्रेंट बोल्ट प्रमुख हैं। बुमराह और बोल्ट की जोड़ी खतरनाक साबित हो सकती है। शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर के रूप में मुंबई इंडियंस के पास दो अनुभवी भारतीय गेंदबाज हैं, जबकि नमन धीर एक बार फिर फिनिशर की भूमिका अच्छी तरह से निभाने की कोशिश करेंगे।
खबरें और भी
पिछले साल उन्होंने अपनी इस भूमिका के साथ पूरा न्याय किया था। इसलिए मुंबई के लिए सबसे बड़ी चुनौती अंतिम एकादश में उचित संयोजन तैयार करना होगा। उसकी टीम शुरुआत में कुछ मैच जीतने के लिए प्रतिबद्ध होगी क्योंकि अक्सर वह अच्छी शुरुआत करने में नाकाम रही है।
केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर
मुंबई में खेलने के कारण कोलकाता नाइट राइडर्स में कप्तान अजिंक्य रहाणे और युवा अंगकृष रघुवंशी के रूप में कुछ स्थानीय खिलाड़ी भी नजर आएंगे लेकिन उसका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आता है जिसका मुंबई इंडियंस पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगा।
नीलामी के समय केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण अच्छा नजर आ रहा था लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर कर दिया था जबकि उसके दो भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
जिंबाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी प्रतिभाशाली हैं लेकिन उन पर दबाव हो सकता है। ऐसे में गेंदबाजी विभाग की बड़ी जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती को निभानी पड़ेगी जो टी-20 विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। केकेआर की टीम में सीएसके के दो पूर्व खिलाड़ी रचिन रविंद्र और मथीशा पथिराना भी शामिल हैं। टिम साइफर्ट विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर एकमात्र शुरुआती विकल्प हैं, जबकि उनके पास कैमरन ग्रीन और सुनील नारायण के रूप में दो बेहतरीन आलराउंडर भी मौजूद हैं।
मुंबई इंडियंस
हार्दिक पांड्या (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, राबिन मिंज (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कार्बिन बाश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तिलक वर्मा, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडेय, मोहम्मद इजहार, रघु शर्मा।
कोलकाता नाइट राइडर्स
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), फिन एलन, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), मनीष पांडे, रोवमैन पावेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, सार्थक रंजन, टिम साइफर्ट(विकेटकीपर), राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, कैमरन ग्रीन, सुनील नारायण, रचिन रवींद्र, अनुकूल राय, वैभव अरोड़ा, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी, मथीशा पथिराना, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती।
मुंबई बनाम केकेआर हेड टू हेड
- कुल मैच: 35
- मुंबई: 24
- केकेआर: 11
यह भी पढ़ें- MI vs KKR Weather Report: मुंबई-कोलकाता मैच में क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल? कैसा रहेगा मौसम
यह भी पढ़ें- MI vs KKR Live Streaming: रविवार को टकराएंगी 8 ट्रॉफी जीतने वाली टीमें, टीवी-मोबाइल पर ऐसे देख पाएंगे यह मुकाबला