विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक लगा चुके पृथ्वी शा दिल्ली के लिए होंगे बड़ी चुनौती, 17 जनवरी से शुरु होगा मैच

By Jagran NewsEdited By: Umesh Kumar
Updated: Sat, 14 Jan 2023 08:37 PM (IST)

रणजी ट्राफी के इस सीजन में दिल्ली की टीम को अब तक एक भी जीत नसीब नहीं हुई है। इस टीम ने अपने घरेलू मैदान पर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के साथ दो मैच खेले थे। दिल्ली यहां पर तीसरा मैच मुंबई के खिलाफ खेलने जा रही है।

रणजी मैच में पृथ्वी शा ने जड़ा तिहरा शतक। फाइल फोटो
रणजी मैच में पृथ्वी शा ने जड़ा तिहरा शतक। फाइल फोटो

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। रणजी ट्राफी सीजन 2022-23 में दिल्ली की टीम अपना छठा मैच मुंबई के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेलेगी। 17 जनवरी से शुरू होने वाले इस मैच में दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चुनौती मुंबई के ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शा होंगे जिन्होंने असम के खिलाफ 379 रन की पारी खेली थी। पृथ्वी की पारी के दम पर मुंबई की टीम ने असम को पारी और 128 रन से हराया था।

रणजी ट्राफी के इस सीजन में दिल्ली की टीम को अब तक एक भी जीत नसीब नहीं हुई है। इस टीम ने अपने घरेलू मैदान पर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के साथ दो मैच खेले थे, लेकिन यह मैच ड्रा रहे थे। दिल्ली यहां पर तीसरा मैच मुंबई के खिलाफ खेलने जा रही है।

दिल्ली की बल्लेबाजी में काफी सुधार

वैसे आंध्र प्रदेश के खिलाफ दिल्ली की बल्लेबाजी में काफी सुधार दिखा था और इस टीम पहली पारी में बढ़त हासिल करते हुए तीन अंक अर्जित किए थे, लेकिन पहले के मुकाबले बेहतर दिख रही दिल्ली को मुंबई के खिलाफ जीत के लिए बहुत जोर लगाना होगा।

तिहरा शतक लगा चुके है पृथ्वी शा

मुंबई के खिलाफ जीत हासिल करने की दिल्ली की राह में सबसे बड़ी बाधा पृथ्वी शा साबित हो सकते हैं जो असम के खिलाफ 379 रन बनाकर गजब की फार्म हासिल कर चुके हैं। शा की इस पारी के बाद भारतीय चयनकर्ताओं ने उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के मुकाबले 27 जनवरी (रांची), 29 जनवरी (लखनऊ) और एक फरवरी (अहमदाबाद) को खेले जाएंगे। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि वो दिल्ली के खिलाफ मैच खेलेंगे। शा ने भारत के लिए एकमात्र टी20 मैच श्रीलंका के खिलाफ 2021 में खेला था, जिसमें वो शून्य पर आउट हुए थे।