11 पाकिस्तानी प्लेयर रह चुके हैं IPL का हिस्सा, 1 तो ट्रॉफी जीतने वाली टीम में था; फिर लग गया बैन
इंडियन प्रीमियर लीग में दुनियाभर के प्लेयर खेलते नजर आते हैं। हालांकि, पाकिस्तानी प्लेयर ऑक्शन तक में हिस्सा नहीं ले पाते हैं। ...और पढ़ें

2008 से शुरू हुआ आईपीएल
HighLights
2008 में हुई थी आईपीएल की शुरुआत
पहले सीजन 8 टीमों के बीच हुई जंग
राजस्थान रॉयल्स ने जीता था खिताब
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग में दुनियाभर के प्लेयर खेलते नजर आते हैं। हालांकि, पाकिस्तानी प्लेयर ऑक्शन तक में हिस्सा नहीं ले पाते हैं। बीसीसीआई ने आईपीएल में पाकिस्तानी प्लेयर्स पर प्रतिबंध लगा रखा है। हालांकि, पहले सीजन से ऐसा नहीं था। आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। पहले सीजन पाकिस्तानी प्लेयर्स ने भी लीग में हिस्सा लिया था। हालांकि , इसके बाद भारत-पाकिस्तान के संबंध बिगड़े और पाक प्लेयर्स पर बैन लगा दिया गया।
11 पाक प्लेयर्स खेले हैं आईपीएल
आईपीएल 2008 में 11 पाकिस्तानी प्लेयर्स ने आईपीएल में हिस्सा लिया था। पहले सीजन में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ट्रॉफी जीतने वाली राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। आईपीएल 2008 के फाइनल में राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को 3 विकेट से मात दी थी। सोहेल पहले सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने 11 मुकाबलों में 22 विकेट चटकाए थे। चेन्नई के विरुद्ध तनवीर ने 14 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।
आईपीएल खेले चुके अन्य पाकिस्तानी प्लेयर
- कामरान अकमल भी पहले सीजन राजस्थान रॉयल्स टीम में थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2008 में 6 मुकाबलों में 128 रन बनाए थे।
- शाहिद अफरीदी पहले सीजन में डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा थे। उन्होंने 10 मुकाबलों में 81 रन बनाए थे और 9 सफलताएं प्राप्त की थीं।
- शोएब अख्तर पहले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स में थे। उन्होंने आईपीएल 2008 में 3 मैच खेले थे और 5 विकेट चटकाए थे। दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ उन्होंने 11 रन देकर 4 शिकार किए थे।
- सलमान बट ने आईपीएल का पहला सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला था। बाएं हाथ के ओपनर बट ने KKR के लिए 7 मैचों में 193 रन बनाए थे।
- मोहम्मद हफीज IPL के पहले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते नजर आए थे। उन्होंने 8 मैच में सिर्फ 64 रन बनाए थे और 2 विकेट लिए थे।
- उमर गुल पहले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के स्क्वॉड में शामिल थे। उन्होंने पहले सीजन में 6 मैच खेले थे और 12 विकेट झटके थे।
- शोएब मलिक 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के स्क्वॉड में थे। उन्होंने 7 मुकाबलों में 52 रन बनाए थे और 2 विकेट अपने नाम किए थे।
- मिस्बाह उल हक IPL 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम में थे। उन्होंने पहले सीजन में 8 मुकाबले खेले थे और 117 रन बनाए थे।
- मोहम्मद आसिफ ने पहला सीजन दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेला था। उन्होंने 2008 में खेले 8 मुकाबलों में 8 विकेट चटकाए थे।
- यूनिस खान ने राजस्थान रॉयल्स के लिए पहले सीजन में 1 मैच खेला था। इस मुकाबले में वह 3 रन ही बना पाए थे।